मप्र में सदानीरा समागम का शुभारंभ बुधवार को, जल संरक्षण और भारतीय ज्ञान परंपरा पर होगा राष्ट्रीय विमर्श

26 May 2026 23:10:53
वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी (फाइल फोटो)


- सांयकालीन होंगे सांस्कृतिक आयोजन

भोपाल, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत वीर भारत न्यास द्वारा आयोजित सात दिवसीय “सदानीरा समागम” का शुभारंभ बुधवार, 27 मई को प्रातः 10 बजे राजधानी भोपाल स्थित भारत भवन में होगा। जल संरक्षण, भारतीय संस्कृति, पंचमहाभूतों तथा सतत विकास के विषयों पर केंद्रित यह आयोजन 2 जून तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश के विद्वान, वैज्ञानिक, पर्यावरण विशेषज्ञ, कलाकार, नीति-निर्माता तथा विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे।

वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने मंगलवार को बताया कि कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर धर्मेन्द्र सिंह लोधी, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग, मध्यप्रदेश शासन, विश्वास सारंग, मंत्री, सहकारिता एवं खेल-युवा कल्याण विभाग, कृष्णा गौर, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, आलोक शर्मा, सांसद भोपाल, मालती राय, महापौर नगर निगम भोपाल, रामेश्वर शर्मा, विधायक हुजूर, विष्णु खत्री, विधायक बैरसिया, भगवानदास सबनानी, विधायक दक्षिण-पश्चिम तथा किशन सूर्यवंशी, अध्यक्ष नगर निगम भोपाल अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

पंचमहाभूत पर विमर्श

उन्होंने बताया कि सदानीरा समागम में भारतीय दर्शन के पंचमहाभूत-जल, पृथ्वी, वायु, आकाश और अग्नि-पर आधारित विभिन्न सत्र आयोजित किये जायेंगे। इन सत्रों में जल संरक्षण, भूगर्भीय जल स्रोत, पर्यावरण, नवीकरणीय ऊर्जा, संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान पर विशेषज्ञ विमर्श करेंगे। देश की प्रतिष्ठित संस्थाओं जैसे इसरो, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, आईआईएम बोधगया तथा विभिन्न कॉर्पोरेट संस्थानों के सीएसआर प्रमुख भी सहभागिता करेंगे।

समारोह में नृत्य-नाटिकाएं, लोकगायन, रंगमंचीय प्रस्तुतियां

सांस्कृतिक कार्यक्रम सायं 6:00 बजे से शुरू होंगे। समारोह के अंतर्गत प्रतिदिन नृत्य नाटिकाएं, लोकगायन, रंगमंचीय प्रस्तुतियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। भारतीय नौसेना बैंड की सिम्फनी, गोवर्धन लीला, गंगा यात्रा की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रहेंगी।

चित्रांकन कार्यशाला

इस अवसर पर जल, जंगल, जीवन पर केन्द्रित राष्ट्रीय जनजातीय चित्रांकन कार्यशाला तथा पारंपरिक चित्र शैलियों में जल कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें देशभर के कलाकार सहभागी होंगे।

जल केन्द्रित चार प्रदर्शनियां

सदानीरा समागम अंतर्गत जल-केंद्रित 4 प्रदर्शनियाँ संयोजित की जा रही है। जिसमें लघु चित्रों में जल, भूगर्भीय जल स्त्रोत, मध्य प्रदेश में जलगंगा संवर्धन अभियान, जलचर जलीय जीवन के प्राणतत्व शामिल है। जिसमें मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद्, बरकतुल्ला विश्वविद्यालय एवं क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय, भोपाल सहयोगी है।

इन पुस्तकों का होगा लोकार्पण

1. अंतर्जली यात्रा (उज्जैन, इंदौर, भोपाल, ग्वायलियर, जबलपुर) वीर भारत न्यास, मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद्

2. पुरोवाक्- वीर भारत न्यास

3. आत्मा की घाटी में पानी का संगीत- प्रेमशंकर शुक्ल 5. जल, संस्कृति और स्थापत्य- राजेश्वर त्रिवेदी

सहयोगी संस्थाएं

भारत भवन, मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय, जनसंपर्क विभाग, म.प्र. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद्, संचालनालय पुरातत्व, अभिलेखागार और संग्रहालय, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, दत्तोपन्त ठेंगड़ी शोध संस्थान, यूनाइटेड कॉन्शसनेस, सेज यूनिवर्सिटी, एलएनसीटी यूनिवर्सिटी, सैम ग्लोबल यूनिवर्सिटी, केन्द्री य भूजल बोर्ड, नर्मदा समग्र एवं जिला प्रशासन, भोपाल।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Powered By Sangraha 9.0