तमिलनाडु की थिरुवरुर बाइपास परियोजना को मंजूरी, 1427 करोड़ रुपये होंगे खर्च

26 May 2026 15:46:53

नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि तमिलनाडु में राष्ट्रीय राजमार्ग-83 के नागपट्टिनम-तंजावुर खंड पर 14.9 किलोमीटर लंबे चार लेन थिरुवरुर बाइपास निर्माण परियोजना को मंजूरी दे दी गई है। इस परियोजना पर 1,427.61 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

गडकरी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि परियोजना के तहत एनएच-129ए और एनएच-134ए पर दो अतिरिक्त रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का भी निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह रणनीतिक परियोजना तिरुचिरापल्ली और कोयंबटूर जैसे प्रमुख औद्योगिक केंद्रों को कराईकल और नागपट्टिनम जैसे बंदरगाह शहरों से बेहतर तरीके से जोड़ेगी, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

मंत्री के अनुसार, बाइपास परियोजना आदियक्कामंगलम-थंडालाई से शुरू होकर अथिपुलियूर, अंडिपालयम, किदारामकोंडन, पल्लीवरमंगलम, पेरुम्पुगलूर, इलावंगारकुडी और अनाइवदापथी कॉलोनी सहित कई प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद तिरुवरुर शहर में यातायात का दबाव काफी कम होगा, यात्रा समय में लगभग 15 मिनट की कमी आएगी और घनी आबादी तथा व्यावसायिक क्षेत्रों से ट्रैफिक हटने के कारण सड़क सुरक्षा भी बेहतर होगी।

गडकरी ने बताया कि इस नए मार्ग से स्टेट हाईवे-23 और स्टेट हाईवे-65 के साथ-साथ प्रसिद्ध त्यागराज स्वामी मंदिर तक संपर्क बेहतर होगा, जिससे क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास और आवागमन में सुविधा को बढ़ावा मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0