कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में हाथियों की गणना शुरू, 72 बीटों में विशेष अभियान

26 May 2026 15:34:53
जिम कॉर्बेट पार्क में हाथी।


नैनीताल, 26 मई (हि.स.)। नैनीताल जनपद के रामनगर में स्थित विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (डब्ल्यूआईआई) देहरादून के सहयोग से हाथियों की गणना का विशेष अभियान प्रारंभ हो गया है।

30 मई तक चलने वाले इस अभियान के तहत रिजर्व की सभी 72 बीटों में हाथियों की संख्या एवं उनकी गतिविधियों का आकलन किया जाएगा। प्रत्येक रेंज में अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। अभियान में 150 से अधिक वनकर्मी एवं विशेषज्ञ लगाए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीमें पांच दिनों तक फील्ड में रहकर हाथियों की संख्या, झुंड, नर-मादा अनुपात, बच्चों की संख्या और उनकी गतिविधियों से संबंधित आंकड़े एकत्र करेंगी। इसके माध्यम से कॉर्बेट क्षेत्र में हाथियों की वर्तमान स्थिति एवं उनके प्राकृतिक आवास की जानकारी प्राप्त की जाएगी।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि कॉर्बेट हाथियों का प्रमुख आवास क्षेत्र है। समय-समय पर होने वाली गणना से मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने और वन्यजीव प्रबंधन की रणनीति तैयार करने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि पूर्व की गणना के आंकड़ों से तुलना कर हाथियों की संख्या में वृद्धि अथवा कमी का भी आकलन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Powered By Sangraha 9.0