असम विधानसभा में यूसीसी बिल पर सत्ता व विपक्ष में हुई तीखी नोकझोंक

युगवार्ता    27-May-2026
Total Views |
Assam Assembly असम विधानसभा


गुवाहाटी, 27 मई, (हि.स.)। असम विधानसभा में बुधवार को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) बिल को लेकर जोरदार बहस देखने को मिली। विवाह, उत्तराधिकार और व्यक्तिगत कानूनों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

विपक्ष की एकमात्र महिला विधायक बेबी बेगम ने सदन में यूसीसी बिल का विरोध करते हुए बहुविवाह का समर्थन किया। यूसीसी के विरोध के दौरान उन्होंने रसोई गैस और महंगाई का मुद्दा भी उठाया। बेबी बेगम ने कहा कि यूसीसी समाज के लिए हानिकारक है और असम में इसकी कोई आवश्यकता नहीं है।

विधानसभा में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष वाजेद अली चौधरी ने भी मुस्लिम पर्सनल लॉ का हवाला देते हुए यूसीसी बिल का विरोध किया।

राइजर दल के विधायक अखिल गोगोई ने आरोप लगाया कि यूसीसी निजी संबंधों पर नौकरशाही नियंत्रण थोपने का प्रयास है और इसे पूरी तरह असंवैधानिक बताया।

वहीं, पूर्व मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक पीयूष हजारिका ने सदन में यूसीसी बिल के पक्ष में जोरदार तर्क रखे। उन्होंने कहा, “किस देश में ऐसा नियम है कि महिला की असहमति के बावजूद उसका पति चार बार शादी कर सकता है?”

उन्होंने बेटियों को पैतृक संपत्ति में समान अधिकार दिए जाने की वकालत करते हुए कहा कि बेटियों और बेटों में भेदभाव क्यों होना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी सदस्य बेटियों को उनका उचित सम्मान और अधिकार देने के पक्ष में नहीं हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags