
नई दिल्ली, 27 मई (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि देश में इबोला का एक भी मामला सामने नहीं आया है और सरकार इसे लेकर लगातार नजर रख रही है।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अफ्रीका के कुछ हिस्सों में इबोला वायरस बीमारी के हालिया प्रकोप को देखते हुए भारत सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
एहतियात के तौर पर युगांडा से हाल ही में लौटे एक व्यक्ति को शरीर में हल्के दर्द की शिकायत के बाद बेंगलुरु के राज्य संचालित एपिडेमिक डिजीज हॉस्पिटल में निगरानी और जांच के लिए आइसोलेशन में रखा गया था।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, व्यक्ति को शरीर दर्द के अलावा कोई अन्य गंभीर लक्षण नहीं थे।
संदिग्ध मरीज का सैंपल जांच के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी भेजा गया था। जांच रिपोर्ट में इबोला वायरस डिजीज की पुष्टि नहीं हुई और रिपोर्ट नेगेटिव आई।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने संबंधित राज्य सरकार के साथ समन्वय में निगरानी बढ़ा दी है और विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी जरूरी सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।
मंत्रालय ने दोहराया कि भारत में इबोला वायरस बीमारी का कोई मामला सामने नहीं आया है।
सरकार ने कहा कि देशभर में निर्धारित एंट्री प्वाइंट्स और सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था में स्क्रीनिंग और निगरानी जारी है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं, अफवाहों से बचें और केवल सरकारी व आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी