
- बरामद नशीले पदार्थ का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य लगभग 1150 करोड़ बताया गया
नई दिल्ली, 27 मई (हि.स.)। भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) और गुजरात एटीएस ने मुंद्रा तट के पास चलाए गए संयुक्त समुद्री तस्करी-रोधी अभियान में 115 किलोग्राम कोकीन जब्त की है, जिसका अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य लगभग 1150 करोड़ रुपये बताया गया है। जहाज को आगे की जांच के लिए बंदरगाह पर लाया गया है। आईसीजी, गुजरात एटीएस और अन्य संबंधित एजेंसियां संयुक्त रूप से इस मामले की जांच कर रही हैं।
समुद्री मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आईसीजी पांच वर्षों से अभियान चला रहा है। गुजरात एटीएस के साथ संयुक्त रूप से चलाया गया यह पंद्रहवां नशीले पदार्थ विरोधी ऑपरेशन है, जो समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने और नशा मुक्त भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल करने के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। इसी क्रम में आईसीजी ने गुजरात एटीएस के समन्वय से 25-26 मई की रात के समय मुंद्रा तट के पास संयुक्त खुफिया आधारित तस्करी रोधी अभियान चलाया।
आईसीजी के कमांडर अमित उनियाल ने बताया कि इंटरसेप्टर नावों पर एटीएस के जवान भी सवार थे। अभियान के दौरान मुंद्रा से लगभग पांच नॉटिकल मील की दूरी पर लंगर डाले हुए कंटेनर जहाज 'एमवी यूरोप' पर कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं। इस जहाज से कुछ थैलियों को समुद्र में फेंकते हुए देखा गया। तेज परिचालन प्रतिक्रिया और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन करते हुए आईसीजी और गुजरात एटीएस की संयुक्त टीम तुरंत उस स्थान पर पहुंची और रात के समय बेहद कम दृश्यता की अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद समुद्र से पांच थैलियां बरामद कीं।
उन्होंने बताया कि जांच करने पर इस थैलियों में एक सफेद पाउडर जैसे पदार्थ के पैकेट मिले, जिनकी जांच में कोकीन होने की पुष्टि हुई। इस ऑपरेशन के दौरान कुल 115 पैकेट जब्त किए गए, हर पैकेट का वजन लगभग एक किलोग्राम था। कुल मिलाकर जब्त किए गए नशीले पदार्थों का वजन लगभग 115 किलोग्राम था। इन नशीले पदार्थों की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1150 करोड़ रुपये है। इसके बाद जहाज को आगे की जांच के लिए बंदरगाह पर लाया गया है। आईसीजी, गुजरात एटीएस और अन्य संबंधित एजेंसियों की संयुक्त जांच अभी जारी है। -------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीत निगम