इजराइल के हमले में लेबनान में कम से कम 34 लोगों की मौत

27 May 2026 07:57:53
दक्षिणी लेबनान में 26 मई को इजराइल के हमले के बाद योहमोर गांव का यह हाल हो गया। फोटो - इंटरनेट मीडिया


बेरूत (लेबनान)/तेल अवीव (इजराइल), 27 मई (हि.स.)। लेबनान में जारी सैन्य विराम के बीच इजराइल ने हिजबुल्लाह के गढ़ दक्षिणी लेबनान में हवाई और जमीनी हमले तेज कर दिए हैं। इन हमलों में मंगलवार को कम से कम 34 लोगों की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गए। इस बीच इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने दक्षिणी व पूर्वी लेबनान के कस्बों और गांवों को जबरदस्ती खाली कराना शुरू कर दिया है।

लेबनान के अखबार लोरिएंट टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, इजराइल के आक्रामक रुख से दक्षिणी लेबनान में दहशत फैल गई है। लोग इजराइली थल सेना के तेज होते हमलों से बचने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं। थल सेना हमले करते हुए आगे बढ़ रही है। आईडीएफ ने पूर्वी लेबनान के बेका क्षेत्र में मशगारा और उससे थोड़ा और उत्तर में, रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण काराउन बांध पर हमला किया है।

आईडीएफ ने नबातीह शहर को खाली कराने के लिए लोगों को खदेड़ना शुरू कर दिया है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का कहना है कि इसका मकसद उत्तरी इजराइल में समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उधर, गोलाबारी के बीच फंसे लाखों लोगों के लिए संघर्ष-विराम का भ्रम पूरी तरह से टूट चुका है।

इजराइली सेना का कहना है कि उत्तरी इजराइल में हवाई हमले की आशंका के मद्देनजर कई इलाकों में सायरन बज रहे हैं। इस बीच हिजबुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान और उत्तरी इजराइल में इजरायली सैन्य ठिकानों पर किए गए 22 हमलों की जिम्मेदारी ली है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, सोमवार शाम बेका घाटी के मशघारा गांव में एक इमारत पर हुए इजराइली हमले में कम से कम 11 लोग मारे गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0