राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित

27 May 2026 19:39:54

नई दिल्ली, 27 मई (हि.स.)। शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 (उच्च शिक्षण संस्थान एवं पॉलिटेक्निक) के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। ये आवेदन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। इस पुरस्कार के लिए अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) को संस्थागत साझेदार बनाया गया है।

मंत्रालय के बयान के अनुसार यह पुरस्कार तकनीकी और गैर-तकनीकी उच्च शिक्षण संस्थानों तथा पॉलिटेक्निक संस्थानों के उत्कृष्ट शिक्षकों और संकाय सदस्यों को प्रदान किया जाएगा।

पुरस्कार को दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है। पहली श्रेणी उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों के लिए है, जिसे तीन उप-श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी, वास्तुकला आदि; शुद्ध विज्ञान, गणित, चिकित्सा, फार्मेसी आदि; तथा कला, सामाजिक विज्ञान, मानविकी, भाषा, विधि, वाणिज्य और प्रबंधन जैसे विषय शामिल हैं। दूसरी श्रेणी पॉलिटेक्निक संस्थानों के शिक्षकों के लिए निर्धारित की गई है।

पुरस्कार के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का नियमित संकाय सदस्य होना आवश्यक है। साथ ही उनके पास स्नातक अथवा स्नातकोत्तर स्तर पर कम से कम पांच वर्ष का पूर्णकालिक अध्यापन अनुभव होना चाहिए। आवेदन की अंतिम तिथि तक उम्मीदवार की आयु 55 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। कुलपति, निदेशक और प्राचार्य आवेदन के पात्र नहीं होंगे, हालांकि पूर्व में इन पदों पर कार्य कर चुके और वर्तमान में नियमित सेवा में कार्यरत 55 वर्ष से कम आयु के शिक्षक आवेदन कर सकेंगे।

नामांकन तीन माध्यमों से किए जा सकेंगे, जिनमें स्वयं नामांकन, संस्थागत नामांकन और सहकर्मी नामांकन शामिल हैं। सभी आवेदन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन जमा करने होंगे। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 5 जुलाई निर्धारित की गई है। आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए एआईसीटीई ने हेल्पडेस्क ईमेल और फोन नंबर भी जारी किए हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0