नेपाल के पूर्व गृहमंत्री सुदन गुरूंग को बयान के लिए बुलाया गया

27 May 2026 10:12:53
नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरूंग


काठमांडू, 27 मई (हि.स.)। नेपाल के पूर्व गृह मंत्री सुदन गुरूंग को बयान दर्ज कराने के लिए जांच समिति ने पत्र भेजा है। गुरूंग के खिलाफ जांच के लिए गठित समिति बुधवार को उनका बयान लेने की तैयारी कर रही है। समिति ने मंगलवार को ही गुरूंग को पत्र भेजकर बुधवार को बयान के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया है।

समिति के अध्यक्ष अच्युत प्रसाद भण्डारी ने कहा, “पूर्व गृहमंत्री सुदन गुरूंग के आय से अधिक संपत्ति और अवैध कारोबार की जांच के लिए स्टॉक एक्सचेंज, बैंकों और जमीन से जुड़े हुए सभी रिपोर्टों का अध्ययन किया जा रहा है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद हम बुधवार को उनका बयान लेंगे। हालांकि, जांच समिति ने माना कि कुछ अतिरिक्त रिपोर्ट भी मंगाने की आवश्यकता महसूस हो रही है।

सरकार ने ११ मई को उच्च अदालत के अवकाशप्राप्त न्यायाधीश अच्युत प्रसाद भण्डारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की थी। समिति में महालेखा नियंत्रक शोभाकांत पौडेल और महान्यायाधिवक्ता कार्यालय के सहन्यायाधिवक्ता अच्युत मणि न्यौपाने सदस्य हैं। गुरूंग ने २२ अप्रैल को गृह मंत्री पद से इस्तीफा दिया था। २७ मार्च को गृह मंत्री बने गुरूंग अपनी संपत्ति का विवरण सार्वजनिक होने के बाद विवादों में घिर गए थे। उनके द्वारा सार्वजनिक किए गए विवरण में कानूनी सीमा से अधिक जमीन होने का उल्लेख किया गया ।

अस्वाभाविक तरीके से संपत्ति अर्जित करने के आरोपों में हिरासत में रखे गए व्यवसायी दीपक भट्ट से जुड़ी कंपनी में गुरूंग की हिस्सेदारी को भी संदिग्ध माना जा रहा है। समिति इन्हीं मुद्दों की जांच कर सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपने वाली है। करीब 10 दिन पहले से काम शुरू करने वाली इस समिति को 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपने का निर्देश दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0