शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट

27 May 2026 10:14:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 27 मई (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण थोड़ी देर में ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक रिकवर कर हरे निशान में पहुंचने में सफल रहे। इसके बाद बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण इन दोनों सूचकांकों ने दोबारा लाल निशान में गोता लगा दिया। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.23 प्रतिशत और निफ्टी 0.16 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, एटरनल और डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज के शेयर 3.72 प्रतिशत से लेकर 0.91 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, कोल इंडिया, ओएनजीसी, आईटीसी, एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी लाइफ के शेयर 4.06 प्रतिशत से लेकर 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,686 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,690 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 996 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 15 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 15 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 25 शेयर हरे निशान में और 25 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 69.84 अंक की कमजोरी के साथ 75,939.86 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने के कारण थोड़ी देर में ही यह सूचकांक उछल कर हरे निशान में 76,137.53 अंक तक आ गया। इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स ने दोबारा लाल निशान में गोता लगा दिया। हालांकि पहले 15 मिनट के कारोबार के बाद ही खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होता हुआ नजर आने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 177.14 अंक की कमजोरी के साथ 75,832.56 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 33.35 अंक टूट कर 23,880.35 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से थोड़ी ही देर में यह सूचकांक रिकवर कर हरे निशान में 23,950.15 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से इस सूचकांक की चाल में दोबारा गिरावट आ गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 39.20 अंक की गिरावट के साथ 23,874.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 479.26 अंक यानी 0.63 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,009.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 118 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,913.70 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0