
बेंगलुरु, 27 मई (हि.स.)। भारत के दो बार के पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल ने 8वीं इंडियन ओपन इंटरनेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष भाला फेंक एफ64 वर्ग में नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। सुमित ने 74.82 मीटर का विशाल थ्रो कर अपने ही पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए इतिहास रच दिया।
हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर रहे सुमित ने अपने पिछले 73.29 मीटर के विश्व रिकॉर्ड में सुधार किया। उन्होंने यह रिकॉर्ड 2022 एशियाई पैरा खेलों के दौरान बनाया था। अपने दमदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया।
सुमित ने लगातार दूसरे दिन प्रतियोगिता में आकर्षण का केंद्र बने रहते हुए अपनी श्रेष्ठता साबित की। उनके प्रदर्शन के सामने अन्य खिलाड़ी काफी पीछे रह गए। महाराष्ट्र के संदीप सरगर ने 62.88 मीटर के साथ रजत पदक जीता, जबकि राजस्थान के संदीप ने 61.83 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता के अन्य मुकाबलों में भी कई खिलाड़ियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रवीण कुमार ने पुरुष हाई जंप टी64 स्पर्धा में 2.00 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं महिला 400 मीटर टी20 वर्ग में दीप्ति जीवनजी ने 57.84 सेकंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया।
चैंपियनशिप में देशभर के प्रमुख पैरा खिलाड़ियों के साथ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता आगामी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं की तैयारी के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय