अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बाइडेन ने न्याय विभाग के खिलाफ मुकदमा दायर किया

27 May 2026 14:21:53
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन। फोटो - इंटरनेट मीडिया


वाशिंगटन, 27 मई (हि.स.)। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन ने मंगलवार को न्याय विभाग के खिलाफ एक मुकदमा दायर किया। इसका मकसद उन रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्ट को जारी होने से रोकना है, जो उन्होंने अपनी आत्मकथा के लिए दिए गए इंटरव्यू के दौरान तैयार की थीं। इस सामग्री के खुलासे की मांग हेरिटेज फाउंडेशन ने सूचना की स्वतंत्रता अधिनियम के तहत की थी।

एबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार फाउंडेशन के वकील रॉबर्ट हर ने यह मांग करते हुए कहा था कि बाइडेन ने 2017 में अपनी आत्मकथा लिखवाने के लिए मशहूर लेखक (घोस्ट राइटर) मार्क ज़्वोनित्जर को यह सामग्री दी थी। यह रिकार्डिंग और ट्रांसक्रिप्ट बाइडेन के उप राष्ट्रपति के कार्यकाल के समय की है।

यह दस्तावेज न्याय विभाग को विशेष वकील की जांच के बाद प्राप्त हुए थे। यह जांच फरवरी 2024 में पूरी हुई थी। जांच में कहा गया कि बाइडेन ने गोपनीय दस्तावेजों को जानबूझकर अपने पास रखा और उनका खुलासा किया। जांच में उनके खिलाफ कोई आपराधिक आरोप लगाने की सिफारिश नहीं की गई थी।

बाइडेन ने मांग की है कि यह दस्तावेज न तो हेरिटेज फाउंडेशन और न ही कांग्रेस के रिपब्लिकन सदस्यों के साथ साझा किए जाएं। उन्होंने मुकदमे में इसके लिए अपने निजता के अधिकार का हवाला दिया है। साथ ही न्याय विभाग पर आरोप भी लगाया है कि वह इस रिकॉर्ड को जारी करने का रास्ता ढूंढ रहा है।

वाशिंगटन डीसी में अमेरिकी जिला न्यायालय में दायर बाइडेन के मुकदमे में कहा गया है कि न्याय विभाग ने संकेत दिया है कि वह 15 जून को ऑडियो रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्ट को हेरिटेज फाउंडेशन और हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी को सौंप देगा। अदालत से मांग की गई है कि न्याय विभाग को ऐसा करने से रोका जाए।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0