काजीपेट रेल निर्माण इकाई का काम लगभग पूरा, जल्द शुरू होगा इंटरसिटी रेलगाड़ियों का निर्माण

28 May 2026 17:35:53
काजीपेट रेल निर्माण इकाई


नई दिल्ली, 28 मई (हि.स.)। भारतीय रेलवे की काजीपेट रेल निर्माण इकाई लगभग अंतिम चरण में है और जल्द ही यहां से इंटरसिटी रेलगाड़ियों का निर्माण शुरू होगा। अगले पांच वर्षों में इस इकाई से 200 इंटरसिटी रेलगाड़ियों का निर्माण किया जाएगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने यहां गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ काजीपेट रेल निर्माण इकाई की समीक्षा बैठक की। इस दौरान इकाई को शीघ्र चालू करने की योजना पर चर्चा हुई। वैष्णव ने कहा कि इन गाड़ियों को देशभर में छोटी दूरी की यात्रा के लिए संचालित किया जाएगा। लगभग 300 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली ये गाड़ियां कई ठहरावों के साथ छात्रों, कामकाजी लोगों और आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक आवागमन का साधन बनेंगी।

ये इंटरसिटी रेलगाड़ियां शटल सेवा की तरह काम करेंगी और आसपास के नगरों को जोड़ेंगी। इससे बड़ी संख्या में स्थानीय यातायात सड़कों से रेलमार्ग की ओर स्थानांतरित होगा।

इन गाड़ियों में आधुनिक सुविधाएं होंगी, जिनमें स्वचालित दरवाजे बंद होने की प्रणाली, बेहतर वेंटिलेशन, सुरक्षित डिब्बा डिजाइन और 20 डिब्बों का विन्यास शामिल है। प्रत्येक डिब्बे में दो शौचालय होंगे। इसके अलावा झटके रहित कपलर और बोगियां लगाई जाएंगी। ये गाड़ियां 130 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने के लिए डिजाइन की गई हैं।

इनमें पुनर्योजी ब्रेकिंग प्रणाली होगी, जिससे ब्रेक लगाने पर गाड़ी बिजली उत्पन्न कर उसे ग्रिड में वापस भेज सकेगी। यह ऊर्जा सक्षम और पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधन होगा, जिससे सड़क परिवहन की तुलना में कार्बन उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0