

- थ्री डी कैमरे से रिकॉर्ड किए जा रहे घर के विजुअल, कभी भी हो सकती है गिरफ्तार
भोपाल, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के चर्चित एक्ट्रेट ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले की जांच में जुटी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम गुरुवार सुबह सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह के घर पहुंची। अधिकारी उनसे पूछताछ में जुटे हैं। साथ ही गिरिबाला के घर में हाई इंटेंसिटी वाला थ्री डी कैमरा लगाया है। इसकी मदद से फर्स्ट फ्लोर पर दीवारों की हाइट नापने के साथ पूरे घर की 360 डिग्री एंगल पर रिकॉर्डिंग की जा रही है।
सीबीआई की टीम ने गुरुवार सुबह 10 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल की मौजूदगी में सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह के भोपाल के कटारा हिल्स स्थित आवास में प्रवेश किया। केन्द्रीय जांच एजेंसी ने यहां घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों को खंगालते हुए पूरे घर के अंदर की बारीकी से मैपिंग की कार्रवाई की। इस कार्रवाई के बाद से ही पूर्व जज के आवास को दिल्ली से आई विशेष पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेर रखा है और फिलहाल सीबीआई की टीम उनसे पूछताछ में जुटी है।
सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह के घर पहुंचने के करीब डेढ़ घंटे बाद सीबीआई टीम के दो सदस्य बाहर आए। इस दौरान मीडियाकर्मियों से मामले के संबंध में जानकारी लेनी चाहिए और कुछ सवाल किए। इसके जवाब में सीबीआई अधिकारियों ने हाथ जोड़ते हुए अपनी कार में रखे तीन बैग लेकर फिर से अंदर चले गए।
सूत्रों के मुताबिक इस पूरे मामले की संवेदनशीलता और सेवानिवृत्त जज के रसूख को ध्यान में रखते हुए सीबीआई फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। कानूनी प्रक्रियाओं और पूछताछ के दौरान किसी भी विवाद से बचने के लिए सीबीआई की दिल्ली विंग से महिला पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम को भी भोपाल बुलाकर तैनात किया गया है।
गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में कानून के शिकंजे में आ चुका मुख्य आरोपित समर्थ सिंह पहले से ही सीबीआई की हिरासत में है। अदालत द्वारा मंजूर की गई उसकी रिमांड अवधि आगामी 29 मई को समाप्त हो रही है। समर्थ से हुई पूछताछ में मिले अहम सुरागों और कड़ियों को जोड़ने के बाद गिरिबाला सिंह की गिरफ्तारी तय मानी जा रही है।
दरअसल, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत बुधवार को रद्द कर दी थी। अदालत ने इस संबंध में देर रात 17 पन्नों का आदेश जारी किया था। बताया जा रहा है कि गिरिबाला सिंह की आधिकारिक गिरफ्तारी की औपचारिकता अगले कुछ ही घंटों के भीतर पूरी की जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर