
पेरिस, 28 मई (हि.स.)। दूसरी वरीयता प्राप्त जर्मनी के अलेक्जेंडर ज़्वेरेव ने फ्रेंच ओपन 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बुधवार को दूसरे दौर में चेक गणराज्य के टॉमस मचाक को सीधे सेटों में हराकर तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया।
रोलां गैरो के कोर्ट फिलिप शात्रिए पर खेले गए मुकाबले में ज़्वेरेव ने मचाक को 6-4, 6-2, 6-2 से मात दी। अब तीसरे दौर में उनका सामना मेजबान फ्रांस के क्वेंटिन हालीस से होगा।
मैच के बाद ज़्वेरेव ने कहा,“मैं अपने खेल से काफी संतुष्ट हूं। मेरा आत्मविश्वास अच्छा है और मैं आगे के मुकाबलों को लेकर उत्साहित हूं। उम्मीद है कि मैं फिर इसी कोर्ट पर खेलने लौटूंगा।”
विश्व रैंकिंग में 43वें स्थान पर मौजूद टॉमस मचाक मैच के दौरान फिटनेस से जूझते नजर आए। दूसरे सेट में उन्हें बाएं पैर में परेशानी के कारण लंबा मेडिकल टाइम-आउट लेना पड़ा।
ज़्वेरेव ने कहा,“डेढ़ सेट तक मुकाबले का स्तर काफी शानदार था, लेकिन चोट के कारण मैच की लय थोड़ी टूट गई। मैं खुश हूं कि मुकाबला तीन सेट में समाप्त कर सका।”
विश्व नंबर-3 ज़्वेरेव ने पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा और केवल एक ब्रेक प्वाइंट बचाते हुए महज 1 घंटा 48 मिनट में जीत दर्ज कर ली।
गौरतलब है कि ज़्वेरेव ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के सबसे करीब पेरिस में ही पहुंचे हैं। पिछले पांच वर्षों में वह लगातार क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे हैं, जबकि 2024 के फाइनल में उन्हें कार्लोस अल्काराज के खिलाफ पांच सेटों में हार का सामना करना पड़ा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे