


देहरादून, 28 मई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार शाम देहरादून पहुंच गए हैं। यहां जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एयरपाेर्ट से भाजपा कार्यकर्ताओं के हुजूम के साथ पार्टी मुख्यालय की ओर रवाना हाे गए। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और जगह-जगह फूल-मालाओं के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं और महिला मोर्चा पदाधिकारियों में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ स्वागत की तैयारियां की गईं।
महिला कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक वेशभूषा में मंच संभालते हुए स्वागत गीत और भजन प्रस्तुत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में भाजपा मुख्यालय सहित अन्य कई स्थानों पर मंच को भाजपा के झंडों और पार्टी के रंगों से सजाया गया है। इस दौरान स्थानीय पदाधिकारी और समर्थक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन से पहले ही कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में नारे लगाए और संगठन की मजबूती का संदेश दिया। कुछ देर में भाजपा मुख्यालय अध्यक्ष पहुंचेंगे।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे। कार्यक्रम के तहत आज शाम भाजपा कोर कमेटी की बैठक आयोजित होगी, जबकि रात्रि 8 बजे मंत्रिगणों के साथ बैठक प्रस्तावित है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को प्रदेश भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के दौरान संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और राजनीतिक रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय