देवभूमि से भगवा राष्ट्रवाद का संदेश देने का आह्वान, 2027 में फिर सरकार बनाने का संकल्प

युगवार्ता    29-May-2026
Total Views |
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए।


बैठक में उपस्थित भाजपा प्रदेश पदाधिकारी।


- चुनाव ही नहीं, वर्षभर सक्रिय रहे बूथ समितियां और संगठन : बी.एल. संतोष

- देशभर में भगवा विचारधारा मजबूत हुई है : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून, 29 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तराखंड को सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की भूमि बताते हुए कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार की वापसी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार केवल राजनीतिक सरकार नहीं, बल्कि सांस्कृतिक राष्ट्रवादी विचारों की सरकार है, जिसका मजबूत होकर लौटना आवश्यक है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार, प्रवास के दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सांसद-विधायक बैठक के बाद प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड से भगवा राष्ट्रवाद का संदेश पूरे देश में जाना चाहिए और इसके लिए संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को अभी से बूथ और शक्ति केंद्र स्तर पर सक्रिय होना होगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि चुनाव में अधिक समय शेष नहीं है और पार्टी कार्यकर्ताओं में लक्ष्य के अनुरूप परिणाम लाने की पूरी क्षमता है। उन्होंने कहा कि भाजपा को आने वाले वर्षों में भी मजबूत बनाए रखने के लिए संगठनात्मक कार्यों को गति देने की जरूरत है। एसआईआर को लेकर मार्गदर्शन देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को अगले 20 वर्षों के लिए मजबूत आधार तैयार करना है, ताकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सके।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती पीढ़ियों ने लंबे संघर्ष के बाद संगठन को इस मुकाम तक पहुंचाया है और अब वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह अपनी कर्मठता और संगठन क्षमता से भाजपा को और मजबूत बनाए।

राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष ने कार्यकर्ताओं से बूथ समितियों को वर्षभर सक्रिय रखने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती केवल चुनावी गतिविधियों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पार्टी कार्यक्रमों, ‘मन की बात’ और बूथ समिति बैठकों को नियमित एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया। संतोष ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में देशभर में भगवा विचारधारा मजबूत हुई है। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड आज सतत विकास, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और रोजगार के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) समेत कई महत्वपूर्ण फैसलों को लागू किया गया है।

उन्होंने विपक्ष पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा को अपने विकास कार्यों और विचारधारा के आधार पर जनता के बीच जाना चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाकर 2027 में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाएंगे।

प्रदेश पदाधिकारी बैठक के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने महापौरों, जिला पंचायत अध्यक्षों, नगर पालिका अध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ भी बैठक कर संगठनात्मक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत और तरुण बंसल सहित प्रदेश पदाधिकारी, प्रकोष्ठ अध्यक्ष, जिला प्रभारी, सह प्रभारी और जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Tags