
-हत्या, रंगदारी, फायरिंग, लेवी वसूली के 50 से अधिक मामले थे दर्ज
रांची, 29 मई (हि.स.)। रांची पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के राज्य प्रमुख (स्टेट चीफ) और 10 लाख के इनामी उग्रवादी अमृत होरो उर्फ मेचो उर्फ सूर्या को गिरफ्तार किया है। इसके पास से एक स्वचालित पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और पीएलएफआई के पर्चा बरामद किया गया है।
रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी )राकेश रंजन ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि अमृत होरो अपने साथियों के साथ लापुंग थाना क्षेत्र के महुगांव जंगल के आसपास मौजूद है और किसी बड़ी नक्सली घटना को अंजाम देने की फिराक में है। इसी सूचना के बाद ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी के निर्देशन और बेड़ो के पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने महुगांव के जंगल इलाके में घेराबंदी कर अमृत होरो को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने खुद को पीएलएफआई का स्टेट चीफ बताया। पुलिस के मुताबिक, झारखंड में पिछले 16 वर्षों से वह सक्रिय था और रांची सहित कई जिलों में नक्सली घटनाओं, फायरिंग, आगजनी और रंगदारी वसूली की वारदातों को अंजाम देता रहा है।
एसएसपी राकेश रंजन ने बताया की अमृत होरो और उसके संगठन के सदस्य व्यवसायियों, ठेकेदारों और प्रतिष्ठित लोगों को फोन और सोशल मीडिया ऐप के जरिए धमकी देकर लेवी की मांग करते थे। उसके खिलाफ रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम सहित कई जिलों में 50 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, रंगदारी, फायरिंग, लेवी वसूली और उग्रवादी गतिविधियों के कई गंभीर आरोप शामिल हैं। सिर्फ रांची में इसके खिलाफ 21 और अन्य जिले में 29 मामले दर्ज है।
रांची पुलिस ने इसे बड़ी कामयाबी बताते हुए कहा है कि अमृत होरो की गिरफ्तारी के साथ ही प्रतिबंधित पीएलएफआई संगठन के नेतृत्व का लगभग पूरी तरह सफाया हो गया है।
एसएसपी ने बताया कि छापेमारी टीम में पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार, अंचल पुलिस निरीक्षक उत्तम कुमार उपाध्याय, लापुंग थाना प्रभारी गोविन्द कुमार, मो. कफील अहमद, राजेन्द्र कुमार महतो, उत्तम कुमार पासवान सहित सशस्त्र शामिल थे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे