मणिपुर के उखरूल में उग्रवादियों का एस्कॉर्ट वाले ट्रकों पर हमला, एक की मौत

29 May 2026 18:22:53
Image of the situation after Truck Driver Killed in Militant Ambush on Security-Escorted Convoy in Manipur


इम्फाल, 29 मई (हि.स.)। मणिपुर के उखरूल जिले में शुक्रवार को सुरक्षा बलों की निगरानी में जा रहे आवश्यक वस्तुओं से लदे ट्रकों के काफिले पर संदिग्ध उग्रवादियों ने हमला कर दिया। इस हमले में एक ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और मणिपुर पुलिस के संयुक्त सुरक्षा दल की निगरानी में करीब 15-20 ट्रकों का काफिला उखरूल की ओर जा रहा था। इसी दौरान टीएम कासोम क्षेत्र के निकट उग्रवादियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमले में एक ट्रक चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।

हमले के बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक गोलीबारी हुई। अधिकारियों के मुताबिक इम्फाल-उखरूल मार्ग पर बाद में भी रुक-रुककर फायरिंग की खबरें मिलीं, जिससे पूरे इलाके में तनाव व्याप्त हो गया।

इस घटना से कुछ घंटे पहले शांगकाई गांव में भी स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर आवश्यक वस्तुओं से लदे वाहनों की आवाजाही रोकने का प्रयास किया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले और स्मोक बम का इस्तेमाल किया। इस दौरान कम से कम पांच नागरिकों के घायल होने की सूचना है।

अधिकारियों ने बताया कि हमला शांगकाई गांव से लगभग छह किलोमीटर दूर हुआ। क्षेत्र में जारी तनाव को देखते हुए आवश्यक वस्तुओं की सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ट्रकों को सुरक्षा एस्कॉर्ट प्रदान किया जा रहा था।

घटना के बाद राज्य में मालवाहक वाहनों और परिवहन कर्मियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।

उल्लेखनीय है कि, इसी सप्ताह मुख्यमंत्री ने मणिपुर ट्रक ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया था।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0