रक्षा खडसे ने मेघालय सरकार के साथ खेल और युवा विकास पहलों की समीक्षा की

29 May 2026 13:05:53
मेघालय सरकार के साथ खेल और युवा विकास पहलों की समीक्षा करतीं केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे


- खेल अवसंरचना, जमीनी स्तर पर प्रतिभा विकास, युवा भागीदारी और केंद्र-राज्य समन्वय को मजबूत करने पर हुई चर्चा

शिलांग, 29 मई (हि.स.)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने शुक्रवार को मेघालय सरकार के साथ खेल और युवा विकास कार्यक्रमों की व्यापक समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान राज्य के खेल पारिस्थितिकी तंत्र, युवा सहभागिता कार्यक्रमों, खेल अवसंरचना परियोजनाओं और खिलाड़ियों के विकास से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। खास तौर पर जमीनी स्तर पर खेलों में भागीदारी बढ़ाने और खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर तैयार करने पर जोर दिया गया।

बैठक में राज्य सरकार ने खेल क्लबों, संघों और खिलाड़ियों के समर्थन के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राज्य खेल छात्रवृत्ति योजना के तहत वर्तमान में लगभग 900 खिलाड़ियों को सहायता दी जा रही है। बैठक में मुख्यमंत्री फुटबॉल मिशन के तहत मेघालय की जमीनी फुटबॉल योजनाओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण अमेरिकी फुटबॉल विकास मॉडल से प्रेरित इस पहल के तहत राज्य में 125 जमीनी केंद्र संचालित हो रहे हैं और करीब 10 हजार खिलाड़ियों को इससे लाभ मिल रहा है। इस योजना के जरिए मेघालय से कई अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी भी उभरे हैं।

बैठक में राज्य की खेल अवसंरचना परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मावखानू फुटबॉल स्टेडियम की प्रगति पर चर्चा हुई, जिसे क्षेत्र के सबसे बड़े फुटबॉल स्टेडियमों में से एक के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसे राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन समारोह के संभावित स्थल के रूप में भी देखा जा रहा है। इसके अलावा उमसावली स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और उमथम स्थित स्लैलम कोर्स परियोजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि उमथम का स्लैलम कोर्स देश की प्रमुख वाटर स्पोर्ट्स और स्लैलम प्रशिक्षण सुविधाओं में उभर रहा है।

रक्षा खडसे ने जमीनी स्तर पर खेल ढांचे को मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में ‘येस मेघालय’ योजना की भी समीक्षा हुई, जिसके तहत युवा कार्यक्रम चलाने वाले क्लबों और संगठनों को सहायता प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही ‘माई भारत’ पोर्टल के माध्यम से युवाओं को स्वैच्छिक सेवाओं से जोड़ने और राष्ट्रीय खेलों जैसे बड़े आयोजनों में स्वयंसेवी अवसर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई।

रक्षा खडसे ने खेलो इंडिया मान्यता प्राप्त अकादमियों को मजबूत करने और राज्य की खेल अवसंरचना को खिलाड़ी विकास प्रणाली से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि उभरते खिलाड़ियों के लिए बेहतर मार्ग तैयार किए जा सकें। बैठक में मेघालय खेलों और दीर्घकालिक खिलाड़ी विकास योजनाओं पर भी चर्चा हुई। रक्षा खडसे ने कहा कि केंद्र सरकार मेघालय और पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में खेल अवसंरचना, खिलाड़ी सहायता प्रणाली और युवा विकास कार्यक्रमों को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर कार्य करती रहेगी।

उन्होंने कहा कि मेघालय में खेल प्रतिभाओं और युवा ऊर्जा की अपार संभावनाएं हैं तथा केंद्र, राज्य सरकार, खेल संस्थानों और सामुदायिक संगठनों के समन्वित प्रयास देश में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

बैठक में मेघालय के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री वेलाडमिकी शायला और राज्य सरकार के आयुक्त एवं सचिव डॉ. विजय कुमार डी मौजूद रहे।बैठक में मेघालय सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण, मेघालय राज्य ओलंपिक संघ तथा खेल और युवा विकास से जुड़े विभिन्न संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। मेघालय राज्य ओलंपिक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष जॉन एफ. खारशींग, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ईएमएच पासाह, संयुक्त सचिव पिनबियांग लालू और कोषाध्यक्ष कसान कुपार वारजरी सहित कई प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0