उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार में तेजी का रुख, शुरुआती दबाव के बाद सेंसेक्स और निफ्टी उछले

29 May 2026 10:37:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 29 मई (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच तेजी का रुख बनता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की मिली-जुली शुरुआत हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी का रुख बना, लेकिन कुछ ही मिनट बाद बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट आ गई। हालांकि आधे घंटे के कारोबार के बाद एक बार खरीदारी शुरू हो गई, जिसकी वजह से बाजार की चाल में सुधार होने लगा। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.28 प्रतिशत और निफ्टी 0.15 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंफोसिस, विप्रो, एचसीएल टेक्नोलॉजी, टीसीएस और ट्रेंट लिमिटेड के शेयर 3.97 प्रतिशत से लेकर 1.77 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, ओएनजीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारती एयरटेल, मैक्स हेल्थकेयर और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के शेयर 1.51 प्रतिशत से लेकर 1.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,817 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,478 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,339 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 17 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 13 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 24 शेयर हरे निशान में और 26 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 120.71 अंक की मजबूती के साथ 75,988.51 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण यह सूचकांक उछल कर 76,220.02 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से यह सूचकांक लाल निशान में 75,817.50 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 214.96 अंक की बढ़त के साथ 76,082.76 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज पांच अंक की मामूली कमजोरी के साथ 23,902.15 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 100 अंक से अधिक उछल कर 24,002.80 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से पहले आधे घंटे के कारोबार में ही निफ्टी ऊपरी स्तर से 130 अंक से अधिक टूट कर लाल निशान में 23,871.10 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 36.75 अंक की उछाल के साथ 23,943.90 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 141.90 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 75,867.80 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी ने 6.55 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,907.15 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0