सीयूईटी-यूजी परीक्षा के कुछ केंद्रों पर तकनीकी खामी से हुई देरी : एनटीए

युगवार्ता    30-May-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार को बताया कि उसके परीक्षा साझेदार टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की ओर से तकनीकी खामी की सूचना मिलने के कारण 30 मई को कुछ परीक्षा केंद्रों पर कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी-यूजी) 2026 की परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी।

एनटीए के अनुसार तकनीकी समस्या को अब दूर कर लिया गया है और यह सुनिश्चित किया गया है कि किसी भी अभ्यर्थी को नुकसान न हो। प्रभावित केंद्रों पर परीक्षार्थियों को पूरा प्रतिपूरक (कम्पेनसेटरी) समय दिया जाएगा।

एजेंसी ने संशोधित कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि दोपहर सत्र में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश प्रक्रिया दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगी, जबकि परीक्षा अब अपराह्न 4:00 बजे शुरू होगी। पहले यह परीक्षा 3:00 बजे निर्धारित थी।

एनटीए ने स्पष्ट किया कि सुबह के सत्र में परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए पूरा निर्धारित समय दिया जा रहा है और उन्हें परीक्षा की पूरी अवधि समाप्त होने के बाद ही केंद्र से बाहर जाने की अनुमति होगी।

एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

एजेंसी ने किसी भी सहायता या जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर +91-11-40759000 तथा ईमेल आईडी [email protected] जारी की है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags