डी.के. शिवकुमार बने कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल के नेता

30 May 2026 17:11:53

बेंगलुरु, 30 मई (हि.स.)। कर्नाटक की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत कांग्रेस विधायक दल ने डी.के. शिवकुमार को अपना नेता चुन लिया है। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर सहमति बनने के बाद आधिकारिक रूप से उन्हें विधायक दल का नेता घोषित किया गया।

विधायक दल का नेता चुने जाने के साथ ही डी.के. शिवकुमार के कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। कांग्रेस के विधायी सत्र के दौरान इस संबंध में औपचारिक घोषणा की गई। पार्टी नेतृत्व और विधायकों ने उनके चयन का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में राज्य में कांग्रेस सरकार जनहित और विकास के मुद्दों को प्राथमिकता देगी।

बैठक के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों ने पार्टी संगठन को मजबूत करने तथा राज्य के विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प व्यक्त किया

डी.के. शिवकुमार लंबे समय से कर्नाटक कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं और संगठनात्मक स्तर पर उनकी सक्रिय भूमिका रही है। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अब उनके मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई है कि नए नेतृत्व में राज्य सरकार विकास, प्रशासनिक सुधार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देगी।------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Powered By Sangraha 9.0