(अपडेट) मप्र के अनूपपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से घायल दो और लोगों की मौत, मृतकों की संख्या 6 हुई

30 May 2026 14:02:53
उमरिया-अनूपपुर जिले की सीमा ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी


- मुख्यमंत्री ने हादसे पर व्यक्त किया दुख, मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता का ऐलान

भोपाल, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर और उमरिया जिले की सीमा पर शुक्रवार की शाम श्रद्धालुओं की भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने की घटना में घायल हुए दो और लोगों की शनिवार को मौत हो गई। इसके बाद हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख व्यक्त कर मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि अनूपपुर जिले में पुष्पराजगढ़ के ग्राम बिजौरा में श्रद्धालुओं को लेकर मंदिर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से हुई सड़क दुर्घटना में लोगों के असामयिक निधन एवं घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख की आर्थिक सहायता देने के निर्देश देने के साथ घायलों का बेहतर उपचार करने की बात कही है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को शांति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

अनूपपुर जिले के ग्रामीण शुक्रवार को परिवार सहित तिवनी जंगल में पूजा-अर्चना करने के लिए पहुंचे थे। पूजा के बाद शाम को सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान उमरिया-अनूपपुर बॉर्डर के पास पुष्पराजगढ़ के ग्राम बिजौरा के पास पुलिया पर ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और पुलिया से करीब 10 फीट नीचे जा गिरी। ट्रॉली में 41 लोग सवार थे, जो एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही उमरिया जिले के पाली थाना पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को 108 एम्बुलेंस की मदद से पाली अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में 41 लोग सवार थे। इनमें पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल थे। हादसे में दो ग्रामीणों ने मौके पर दम तोड़ दिया था, जबकि दो लोगों की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं, दो अन्य ग्रामीणों ने शनिवार को अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में ग्राम पड़मनिया निवासी घनश्याम गोड़ (45), सहबल बैगा (55) पुत्र गल्ली राम निवासी गिजरी, भूपत सिंह (50) निवासी पड़मनिया एवं बीर सिंह (60) निवासी गिजरी), 40 वर्षीय कृष्णपाल सिंह और एक 15 वर्षीय लड़का शामिल है। हादसे में 35 लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।

हादसे के बाद शुक्रवार देर रात शहडोल संभागायुक्त सुरभि गुप्ता एवं अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली ने शहडोल मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य का हाल जाना और परिजनों को ढांढस बंधाया। कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर और उच्च स्तरीय इलाज मुहैया कराया जाए। इस दुखद हादसे में काल-कवलित नागरिकों के परिजन को 8-8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान दी जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4-4 लाख एवं संबल योजना के अंतर्गत 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0