
- आक्रोशित हिंदू युवकों ने आरोपितों की बाइक में की तोड़फोड़
भोपाल/खंडवा, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के मुंदवाड़ा ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले मुस्लिम बहुल गांव बड़ियातुला में गोवंश के अवशेष मिलने के बाद से इलाके में तनाव की स्थिति हो गई। शुक्रवार देर रात कुछ आरोपितों द्वारा पॉलिथीन में भरकर गाय के सिर और पैर सड़क किनारे फेंके जा रहे थे, तभी पड़ोसी गांव के हिंदू युवाओं ने उन्हें देख लिया। आरोपित अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने 4 आरोपितों को हिरासत में लिया है।
बड़ियातुला गांव में शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे पॉलिथीन में भरकर गाय के सिर और पैर सड़क किनारे फेंके जा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी गांव के हिंदू युवा वहां पहुंच गए। पकड़े जाने के डर से बाइक सवार आरोपित मौके से भाग निकले। इस घटना की खबर फैलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण और युवा इकट्ठा हो गए और जमकर हंगामा शुरू हो गया। आक्रोशित भीड़ ने मौके पर पहुंची पुलिस के सामने ही आरोपितों द्वारा छोड़ी गई मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ कर दी।
स्थिति बिगड़ती देख सीएसपी अभिनव बारंगे भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और सूझबूझ से हालात को नियंत्रित किया। सीएसपी बारंगे ने बताया कि पुलिस ने मौके से गोवंश का मांस, अवशेष और आरोपियों की बाइक को जब्त कर लिया है। इलाके में एहतियातन मोघट रोड थाना और रामेश्वर चौकी का भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस ने पशु चिकित्सक से गोवंश की प्रारंभिक पुष्टि होने के बाद रात में ही आरोपितों की धरपकड़ के लिए कई जगहों पर दबिश दी। शनिवार सुबह पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली। जांच के दौरान पुलिस ने गाय काटने, उसका मांस खाने, अवशेषों को फेंकने और इस काम के लिए पॉलिथीन उपलब्ध कराने वाले मुख्य आरोपितों की पहचान कर ली है।
इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक चार मुख्य आरोपितों वसीम पुत्र युनूस पटेल, अकरम पुत्र रमजान पटेल, आजम चक्की वाला और सलमान भुरू को हिरासत में ले लिया है, जिनसे मोघट रोड थाने में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। वहीं, पुलिस जांच में मुंदवाड़ा मस्जिद के इमाम अब्दुल हफीज की भूमिका भी बेहद संदिग्ध पाई गई है। बताया जा रहा है कि घटना के तुरंत बाद से ही इमाम गांव छोड़कर फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार तलाश कर रही हैं।
पड़ोसी गांव सिहाड़ा के सरपंच प्रतिनिधि हेमंत चौहान ने बताया कि वे वर्तमान में केदारनाथ की धार्मिक यात्रा पर हैं। शुक्रवार रात उन्हें गांव के ही कुछ लोगों ने फोन पर सूचना दी थी कि बड़ियातुला गांव में आगामी ईद के त्योहार के मद्देनजर कथित रूप से गाय काटी गई है और अब उसके अवशेषों को चुपचाप बाहर फेंकने की तैयारी की जा रही है। इस इनपुट के मिलते ही सिहाड़ा और आसपास के गांवों के हिंदू युवा तुरंत बड़ियातुला की ओर रवाना हो गए।
मौके पर पहुंचते ही उन्होंने देखा कि एक बाइक पर दो-तीन युवक काले रंग की बड़ी पॉलिथीन में गाय के सिर, पैर और अन्य हिस्से भरकर ला रहे थे। जैसे ही उन युवकों की नजर अचानक आए ग्रामीणों पर पड़ी, वे अपनी बाइक वहीं छोडकर खेतों की तरफ भाग गए। इसके बाद गुस्से में आए कार्यकर्ताओं ने आरोपितों की गाड़ियों को निशाना बनाया। फिलहाल, गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए खंडवा पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और मामले को लेकर जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत