स्कूट एयरलाइंस ने जेद्दा-सिंगापुर उड़ानें 20 जून तक रद्द कीं

30 May 2026 21:04:53
स्कूट एयरलाइंस ने जेद्दा-सिंगापुर उड़ानें 20 जून तक रद्द कीं


सिंगापुर, 30 मई (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और सुरक्षा चिंताओं के बीच बजट एयरलाइन स्कूट ने सिंगापुर और सऊदी अरब के जेद्दा शहर के बीच अपनी उड़ानों के निलंबन की अवधि बढ़ा दी है। एयरलाइन ने घोषणा की है कि यह सेवाएं अब 20 जून तक रद्द रहेंगी।

इससे पहले, कंपनी ने इन उड़ानों को 31 मई तक रद्द करने की जानकारी दी थी। प्रभावित उड़ानों में सिंगापुर से जेद्दा जाने वाली फ्लाइट टीआर796 और जेद्दा से सिंगापुर आने वाली फ्लाइट टीआर797 शामिल हैं।

एयरलाइन ने कहा है कि उड़ान रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को पूर्ण धनवापसी (रिफंड) का विकल्प दिया जाएगा, यदि वे अपनी यात्रा जारी नहीं रखना चाहते हैं। इसके अलावा यात्री चाहें तो स्कूट की अन्य उपलब्ध उड़ानों में अपनी बुकिंग भी स्थानांतरित कर सकते हैं।

कंपनी के अनुसार, जिन यात्रियों ने सीधे एयरलाइन के माध्यम से टिकट बुक कराए हैं, वे ई-मेल के जरिए रिफंड के लिए संपर्क कर सकते हैं। वहीं ट्रैवल एजेंट या साझेदार एयरलाइंस के माध्यम से टिकट खरीदने वाले यात्रियों को संबंधित एजेंसी या एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

स्कूट ने यात्रियों से अपनी संपर्क जानकारी अपडेट रखने और मोबाइल नोटिफिकेशन सेवा का उपयोग करने का भी आग्रह किया है, ताकि उड़ानों की स्थिति और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर प्राप्त हो सकें।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0