युवा शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत : नितिन नवीन

30 May 2026 20:56:53
‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में  भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन संबोधित करते हुए।


देहरादून, 30 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है और देश के भविष्य के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को अवसरों का नया दौर मिला है, जिससे वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए युवाओं ने राष्ट्र निर्माण, रोजगार, स्टार्टअप, नवाचार, शिक्षा, कौशल विकास और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े विषयों पर अपने विचार और सुझाव साझा किए।कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी युवाओं को केवल मतदाता नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण भागीदार मानती है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने युवाओं को अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने के अभूतपूर्व अवसर उपलब्ध कराए हैं।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और अमूल्य पूंजी होते हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका केंद्रीय है और इसी उद्देश्य से केंद्र तथा राज्य सरकार युवाओं के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान, नवाचार, डिजिटल तकनीक, स्टार्टअप और स्वरोजगार के क्षेत्र में नए अवसर प्राप्त हुए हैं। आज भारत का युवा नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बन रहा है।धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। राज्य में नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है तथा पिछले चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी रोजगार उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही स्वरोजगार, स्टार्टअप, पर्यटन, कृषि, खेल और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में भी युवाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्यों को गति देना नहीं, बल्कि ऐसे अवसरों का निर्माण करना है जिनसे प्रदेश का प्रत्येक युवा अपनी प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ सके। उत्तराखंड का युवा नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और संकल्प के साथ विकसित उत्तराखंड तथा विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे रहा है।कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में युवाओं के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की और विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Powered By Sangraha 9.0