अभिषेक बनर्जी पर कथित हमले के बाद ममता बनर्जी का भाजपा पर हमला, कहा- शासक ही हत्यारे बन गए

30 May 2026 19:08:53
ममता


कोलकाता, 30 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। शनिवार काे अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले की निंदा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह की हिंसा स्वीकार्य नहीं है और भाजपा को इस घटना पर शर्म आनी चाहिए।

ममता बनर्जी की यह प्रतिक्रिया उस घटना के बाद आई है, जब दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में मृत तृणमूल कार्यकर्ता के परिवार से मिलने जा रहे पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व लाेकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले के दाैरान उनका विराेध किया गया। इस दौरान उन पर अंडे, जूते और अन्य वस्तुएं फेंके जाने के आरोप लगे हैं। घटना के बाद राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोध के नाम पर हिंसा और अराजकता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करने का अधिकार है, लेकिन हिंसक तरीके किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराए जा सकते।

तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया है कि विरोध प्रदर्शन पूर्व नियोजित था और इसके पीछे भाजपा समर्थकों की भूमिका थी। पार्टी नेताओं का आरोप है कि अभिषेक बनर्जी को जानबूझकर निशाना बनाया गया और उनकी सुरक्षा को खतरे में डाला गया।

वहीं, अभिषेक बनर्जी ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि वह मामले को कानूनी रूप से आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने संकेत दिया कि आवश्यकता पड़ने पर वह हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का भी रुख कर सकते हैं।

वहीं, इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में तनाव और बढ़ गया है। तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच इस मुद्दे को लेकर आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं, जबकि राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0