सांसद अभिषेक बनर्जी पर कथित हमले को लेकर तृणमूल का भाजपा पर हमला

30 May 2026 18:00:53
अभिषेक बनर्जी


कोलकाता, 30 मई (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया कि राजनीतिक हिंसा और डराने-धमकाने की संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंच रहा है।

तृणमूल कांग्रेस ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि अभिषेक बनर्जी पर हुआ कथित हमला भाजपा की राजनीति का वास्तविक चेहरा उजागर करता है। पार्टी के अनुसार, यदि एक मौजूदा सांसद को दिनदहाड़े निशाना बनाया जा सकता है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

पार्टी ने बयान में कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेदों का समाधान संवाद और संवैधानिक प्रक्रियाओं के माध्यम से होना चाहिए, न कि हिंसा और धमकी के जरिए। तृणमूल ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक संस्थाओं और राजनीतिक संस्कृति को कमजोर करती हैं।

बयान में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा गया कि क्या यही लोकतंत्र और सुशासन का वह मॉडल है, जिसकी चर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी लगातार करते हैं। पार्टी ने दावा किया कि राजनीतिक हिंसा और धमकी भाजपा शासन की पहचान बनती जा रही है।

तृणमूल कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि घटना में शामिल लोगों को फिलहाल राजनीतिक संरक्षण मिल सकता है, लेकिन उन्हें अंततः जवाबदेही का सामना करना पड़ेगा। पार्टी ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए इस घटना को लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला बताया।

गौरतलब है कि, दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी के दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन हुआ था। इस दौरान उनके साथ कथित ताैर पर धक्का-मुक्की और अंडे व जूते फेंके जाने की घटनाएं सामने आई थीं। इस घटना के बाद राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0