आलिया-शरवरी की 'अल्फा' के लिए यशराज का बड़ा दांव

30 May 2026 17:59:53
आलिया-शरवरी - फोटो सोर्स एक्स


यशराज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित स्पाय यूनिवर्स फिल्म 'अल्फा' को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। आलिया भट्ट और शरवरी वाघ अभिनीत इस एक्शन थ्रिलर की रिलीज तारीख में एक बार फिर बदलाव की चर्चा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, निर्माता अब फिल्म को तय तारीख 10 जुलाई 2026 से पहले 3 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। यदि ऐसा होता है तो दर्शकों को फिल्म एक सप्ताह पहले देखने का मौका मिलेगा।

बताया जा रहा है कि यशराज फिल्म्स बॉक्स ऑफिस पर आने वाली बड़ी फिल्मों की टक्कर से बचने के लिए यह रणनीतिक कदम उठा रहा है। जुलाई के दूसरे सप्ताह में कई बड़ी फिल्मों के रिलीज होने की संभावना को देखते हुए स्टूडियो 'अल्फा' को पहले लाकर उसे लंबा और निर्बाध थिएटर रन देना चाहता है। इससे फिल्म को अजय देवगन की 'धमाल 4' और क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' जैसी चर्चित फिल्मों के आने से पहले मजबूत पकड़ बनाने का अवसर मिल सकता है।

'अल्फा' वाईआरएफ स्पाय यूनिवर्स की पहली महिला-केंद्रित एक्शन फिल्म है, जिसमें आलिया भट्ट और शरवरी वाघ मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी, जबकि बॉबी देओल खलनायक की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की रिलीज तारीख में पिछले दो वर्षों के दौरान कई बदलाव हुए हैं। पहले इसे क्रिसमस 2025 पर रिलीज करने की योजना थी, जिसके बाद इसे अप्रैल 2026 और फिर 10 जुलाई 2026 तक आगे बढ़ाया गया। अब संभावित नई रिलीज तारीख को लेकर फैंस के बीच उत्साह और भी बढ़ गया है। माना जा रहा है कि फिल्म में आलिया का दमदार और एक्शन से भरपूर अवतार दर्शकों को एक नया सिनेमाई अनुभव देगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0