पहली ही बारिश में हलवारा हवाई अड्डा के नुकसान पर केंद्रीय मंत्री ने मांगी रिपोर्ट

31 May 2026 18:56:53
रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एयरपोर्ट से जुड़ा साझा किया वीडियो


चंडीगढ़, 31 मई (हि.स.)। हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में पहली ही बारिश के दौरान हुए नुकसान को लेकर केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित प्रोजेक्ट की गुणवत्ता तथा सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नुकसान का विस्तृत आकलन करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की गई है।

रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एयरपोर्ट से जुड़ा एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि उन्हें बारिश के कारण हुए नुकसान की जानकारी मिली है और इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की गई है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली ही बारिश ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बिट्टू ने कहा कि जिस तरह तेज हवा और बारिश के कारण एयरपोर्ट भवन को नुकसान पहुंचा है, उससे यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता था।

उन्होंने कहा कि जनता की चिंताओं को देखते हुए इस मामले की निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।

केंद्रीय मंत्री ने मांग की कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के संबंधित अधिकारियों और निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार की भूमिका की जांच की जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या निर्माण में खामियां पाई जाती हैं, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

गौरतलब है कि शनिवार को हुई तेज बारिश और आंधी के दौरान हलवारा एयरपोर्ट टर्मिनल भवन के कुछ हिस्सों में पानी रिसने, फॉल्स सीलिंग और अन्य संरचनात्मक नुकसान की खबरें सामने आई थीं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Powered By Sangraha 9.0