लेबनान में इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच घमासान, आईडीएफ के जवान नबातीह के बिलकुल करीब

31 May 2026 07:35:53
इजराइल की सेना लेबनान के प्रमुख शहर नबातीह को घेरने के लिए बमबारी करते हुए लगातार आगे बढ़ रही है। नबातीह के बाहरी इलाके में 30 मई को उठता धुआं। फोटो - इंटरनेट मीडिया


बेरूत (लेबनान), 31 मई (हि.स.)। दक्षिणी लेबनान में कोहराम मचा हुआ है। इजराइली सैनिकों और ईरान समर्थित आतंकवादी समूह हिजबुल्लाह के बीच सैन्य टकराव थमने का नाम नहीं ले रहा। इस समय इजराइल का पूरा जोर लेबनान के प्रमुख शहर नबातीह को चारों ओर से घेरने पर लगा हुआ है। नबातीह हिजबुल्लाह का प्रमुख गढ़ है। उसके लगभग सारे प्रमुख कमांडर और नेता नबातीह में ही बाल-बच्चों के साथ रहते हैं।

शिया बहुल नबातीह को हिजबुल्लाह के सामाजिक आधार और प्रतिरोध की विचारधारा का मुख्य स्तंभ माना जाता है। वर्ष 1983 में अशूरा जुलूस के दौरान इजराइली सैनिकों के खिलाफ सशस्त्र विद्रोह की चिंगारी यहीं से उठी थी। नबातीह इजराइल की सीमा के बिल्कुल करीब स्थित है। हिजबुल्लाह नबातीह से ही इजराइल के शहरों पर रॉकेट और मिसाइलें दागता है। नबातीह- नबातीह गवर्नरेट और काजा जिले का प्रशासनिक मुख्यालय है।

अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) के सैनिक हमला करते हुए नबातीह के बिलकुल करीब पहुंच गए हैं। साथ ही युद्ध से तबाह दक्षिण के कस्बों को जबरदस्ती आम लोगों से खाली कराया जा रहा है। आईडीएफ का लक्ष्य हिजबुल्लाह के ठिकानों और उसके कमांडरों का पूरी तरह सफाया करना है। लेबनान की सेना यह सब चुपचाप देख रही है। भू-राजनीतिक विश्लेषक जो मैकरॉन का कहना है कि लेबनानी सेना पूरी तरह से खिंची हुई है, क्योंकि इजराइली सैनिक लेबनानी इलाके पर अपना कब्ज़ा बढ़ा रहे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, इजराइल की सेना लेबनान की लिटानी नदी के उत्तर की ओर बढ़ गई है। सैनिक नबातीह को धीरे-धीरे चारों ओर से घेर रहे हैं। हिजबुल्लाह ने आनन-फानन में उत्तरी इजराइल में नबातीह से रॉकेट हमले शुरू किए हैं। हमले की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने रक्षामंत्री इजराइल काट्ज़, सैन्य प्रमुख इयाल जमीर और उत्तर में मोर्चो संभालने वरिष्ठ अधिकारियों से विचार-विमर्श किया है।

हिजबुल्लाह ने शनिवार को नबातीह से इजराइल के उत्तर की ओर दर्जनों रॉकेट दागे। 17 अप्रैल को हुए सैन्य विराम के बाद पहली बार उत्तरी इजराइल के सफद और नाहरिया में रॉकेट से हमला किया गया है। इजराइली आर्मी रेडियो ने कहा है कि उत्तरी इजराइल में 1,099 बार चेतावनी सायरन बजाए गए। इस बीच, हिजबुल्लाह ने कहा कि उत्तरी इजराइल की नटुआ बस्ती के पास और गैलिली फ़ॉरेस्ट मिलिट्री कैंप पर ड्रोन हमला किया गया है।

लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने इजराइल से देश के दक्षिणी हिस्से में हमले रोकने की मांग की है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 2 मार्च से अब तक देश पर हुए इजराइली हमलों में कम से कम 3,371 लोग मारे जा चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0