
काठमांडू, 31 मई (हि.स.)। नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल 01 जून से भारत दौरे पर जाएगा। यह दौरा भारत की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निमंत्रण पर आयोजित किया जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरएसपी प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेगा।
भाजपा ने कहा है कि इस यात्रा का उद्देश्य दोनों राजनीतिक दलों के बीच औपचारिक संवाद की शुरुआत करना है। साथ ही संगठनात्मक कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और जनकेंद्रित राजनीतिक पहुंच जैसे विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान भी किया जाएगा।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह दौरा नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी और भाजपा के बीच पार्टी-स्तरीय संबंधों को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। दोनों पक्ष लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने, राजनीतिक संगठन के अनुभव साझा करने और जनता से जुड़ाव बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करेंगे।
भाजपा ने आरएसपी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा है कि वह इस यात्रा के दौरान रचनात्मक और सकारात्मक संवाद की अपेक्षा रखती है।
नेपाल में नई राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी और भारत की सत्तारूढ़ भाजपा के बीच यह पहला औपचारिक उच्चस्तरीय राजनीतिक संपर्क होगा, जिस पर दोनों देशों के राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों की नजर रहेगी।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास