दक्षिणी दिल्ली में शनिवार इमारत ढहने के बाद शुरू बचाव अभियान अबतक जारी, 14 लोग बचाए गए, 6 की मौत

31 May 2026 19:10:53

नई दिल्ली, 31 मई (हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के सैदुल्लाजाब इलाके में बहुमंजिला इमारत ढहने के बाद शुरू हुआ राहत एवं बचाव अभियान अबतक पूरा नहीं हुआ है। राहत टीमें मौके पर अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका में मलबा हटाने का काम कर रही हैं।

शनिवार शाम हुए इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि रविवार तड़के तक मलबे से 14 लोगों को निकाला गया। इनमें 10 लोगों को दिल्ली दमकल विभाग, एनडीआरएफ, डीडीएमए और अन्य एजेंसियों की संयुक्त टीमों ने बचाया, जबकि 4 लोगों को स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला। घायलों को तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। अस्पताल में 8 घायलों का उपचार चल रहा है।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रवि, एकता, आलाेक, नलिन, पर्वती और कपिल के रूप में हुई है। घायलों की पहचान तरुण कुमार (26), साइका खान (27), नीलम यादव (25), आदित्य शर्मा (24), क्षितिज प्रताप (25), अनुज दीक्षित (25), आस्था (25) और विशाल (24) के रूप में हुई है। हादसे में जान गंवाने वालों और घायलों में इंजीनियरिंग और मेडिकल की छात्र-छात्राएं हैं।

मौके पर पहुंची दिल्ली फायर सर्विस, एनडीआरएफ, डीडीएमए, दिल्ली पुलिस, सिविल डिफेंस और अन्य एजेंसियों की टीमों की मदद से रातभर मलबा हटाने का काम जारी रहा। कुछ अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के मद्देनजर बचाव दल अभी भी मलबे की गहन तलाशी ले रहे हैं।

पुलिस अधिकारी के अनुसार महरौली थाना पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Powered By Sangraha 9.0