उपराष्ट्रपति ने कर्नाटक के बेल्थंगडी में सीरी मातृश्री इंडस्ट्रियल पार्क का किया उद्घाटन

31 May 2026 19:26:53
कर्नाटक के बेल्थंगडी में सीरी मातृश्री इंडस्ट्रियल पार्क का उद्घाटन करते उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन।


नई दिल्ली, 31 मई (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने रविवार को कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के बेल्थंगडी स्थित सीरी मातृश्री इंडस्ट्रियल पार्क का उद्घाटन किया।

उपराष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, उद्घाटन समारोह में उन्होंने कहा कि समृद्ध ग्रामीण भारत का सपना सीरी जैसे संस्थानों के माध्यम से साकार हो सकता है, जिन्होंने महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर देकर सशक्त बनाया है।

उन्होंने कहा कि भारत की सभ्यता हमेशा सभी धर्मों का सम्मान करती रही है और भक्ति, किसी भी धर्म से जुड़ी हो, सामाजिक सद्भाव और नैतिक शक्ति को मजबूत करती है। सभी धर्मों का समान सम्मान होना चाहिए लेकिन किसी भी प्रकार का बलपूर्वक धर्मांतरण प्रोत्साहित नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने सीरी संस्थान के संस्थापक डॉ. डी. वीरेंद्र हेगड़े के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज के लिए एक संदेश है। पिछले लगभग छह दशकों से उन्होंने आध्यात्मिकता को सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनाया है।

उपराष्ट्रपति ने हेमावती वी हेगड़े के महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण में योगदान की भी सराहना की। सीरी संस्थान वर्तमान में 3,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और 10,000 से अधिक लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से आजीविका उपलब्ध करा रहा है, जिनमें अधिकतर महिलाएं हैं।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि वास्तविक विकास वही है जो लोगों के जीवन में गरिमा, अवसर और आत्मविश्वास लेकर आए। समावेशी विकास ही विकसित भारत 2047 की परिकल्पना का मूल आधार है। सीरी इंडस्ट्रियल पार्क महिला कर्मचारियों के लिए आवास, बाल देखभाल, स्वच्छ रसोई, परिवहन और अन्य सुविधाओं के साथ एक मानवीय मॉडल प्रस्तुत करता है।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत की भावना देश के विकास का मार्गदर्शन करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मॉडल देश के अन्य हिस्सों में भी अपनाए जाने चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0