जनगणना 2027 के लिए दिल्ली में जागरूकता अभियान तेज, छह एलईडी वैन रवाना

07 May 2026 20:27:53
महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण गुरुवार को जनगणना भवन से छह एलईडी मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए


नई दिल्ली, 07 मई (हि.स.)। भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने जनगणना 2027 के पहले चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ (एचएलओ) के तहत दिल्ली में जनजागरूकता अभियान को तेज करते हुए गुरुवार को जनगणना भवन से छह एलईडी मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

गृह मंत्रालय के अनुसार ये जनगणना जागरूकता वैन दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को जनगणना में भागीदारी, स्व-गणना (एसई) सुविधा, जनगणना 2027 की मुख्य विशेषताओं तथा फील्ड विजिट के दौरान जनगणना कर्मचारियों के साथ सहयोग के महत्व के बारे में जानकारी देंगी।

मंत्रालय ने बताया कि दिल्ली के नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) और दिल्ली छावनी बोर्ड क्षेत्रों में स्व-गणना प्रक्रिया 15 अप्रैल को पूरी हो चुकी है और 16 अप्रैल से घर-घर जाकर गणना का कार्य जारी है, जो 15 मई तक चलेगा।

वहीं, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) क्षेत्रों में स्व-गणना की प्रक्रिया एक मई से शुरू हो गई है और यह 15 मई तक चलेगी। इसके बाद 16 मई से 14 जून तक गणना कर्मचारी घर-घर जाकर मकान सूचीकरण का कार्य करेंगे। जिन निवासियों ने स्व-गणना पूरी कर ली है, उनसे अनुरोध है कि वे अपनी स्व-गणना आईडी अपने पास तैयार रखें और प्रगणक के आने पर इसे उनसे साझा करें।

मंत्रालय के अनुसार, जनगणना 2027 में पहली बार शुरू की गई स्व-गणना सुविधा को लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। अब तक 23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लगभग 92 लाख परिवारों ने आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से स्वयं गणना पूरी कर ली है।

अधिकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी गुरुवार से मकान सूचीकरण एवं मकान गणना अभियान शुरू हो गया है। राज्य में सात मई से 21 मई तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जबकि 22 मई से 20 जून तक घर-घर जाकर गणना का कार्य किया जाएगा। इस समय स्वयं-गणना का कार्य तेलंगाना, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली (एमसीडी), महाराष्ट्र, मेघालय और झारखंड में भी चल रहा है।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान जुटाई गई सभी जानकारियां जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों तथा विकास योजनाओं के लिए किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0