दिल्ली-फरीदाबाद के बीच एमईएमयू रेल सेवा को मिली मंजूरी

08 May 2026 18:32:53
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 08 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुरोध पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली और फरीदाबाद के बीच नई मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (एमईएमयू) रेल सेवा संचालित करने को स्वीकृति प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री ने इस निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे दिल्ली और फरीदाबाद के बीच प्रतिदिन आवागमन करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन रोजगार, शिक्षा, व्यापार और अन्य कार्यों के लिए दिल्ली आते हैं। लंबे समय से स्थानीय नागरिकों और दैनिक यात्रियों द्वारा अतिरिक्त और सुविधाजनक रेल सेवा की मांग की जा रही थी। मौजूदा परिवहन व्यवस्था पर अत्यधिक दबाव होने के कारण यात्रियों को भीड़, देरी और असुविधा का सामना करना पड़ता था। एमईएमयू सेवा शुरू होने से यात्रियों को तेज, सुलभ और किफायती सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार आम नागरिकों की दैनिक आवश्यकताओं और यातायात संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाकर लगातार कार्य कर रही है। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में परिवहन एवं कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं को नई गति मिल रही है। यह नई रेल सेवा न केवल यात्रियों का समय बचाएगी, बल्कि सड़क यातायात के दबाव को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Powered By Sangraha 9.0