मैग्नस कार्लसन ने अर्जुन एरिगैसी को हराकर ‘टेपे सिगेमैन एंड कंपनी शतरंज टूर्नामेंट 2026’ का खिताब जीता

08 May 2026 09:13:53
विश्व नंबर-1 शतरंज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन


माल्मो, 08 मई (हि.स.)। विश्व नंबर-1 शतरंज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने गुरुवार को भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी को सडन डेथ प्लेऑफ में हराकर ‘टेपे सिगेमैन एंड कंपनी शतरंज टूर्नामेंट 2026’ का खिताब अपने नाम कर लिया।

मुख्य टूर्नामेंट में अपराजित रहने वाले अर्जुन एरिगैसी ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन खिताबी मुकाबले में उन्हें मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा। टाईब्रेकर की दो बाजियों में दोनों खिलाड़ियों ने एक-एक जीत दर्ज की, जिसके बाद मुकाबला सडन डेथ तक पहुंचा, जहां कार्लसन ने बाजी मार ली।

यह दूसरी बार है जब अर्जुन इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में खिताब जीतने से चूक गए। इससे पहले 2024 में भी वह संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे थे।

अर्जुन अंतिम राउंड में 4.5/6 अंकों के साथ एकल बढ़त पर थे, जबकि कार्लसन और यागिज कान एरदोगमुस उनसे आधा अंक पीछे थे। अगर अर्जुन अंतिम राउंड में एंडी वुडवर्ड को हरा देते तो वह सीधे चैंपियन बन जाते, लेकिन मुकाबला ड्रॉ रहने के कारण कार्लसन को बराबरी का मौका मिल गया।

दूसरी ओर कार्लसन ने अंतिम राउंड में एरदोगमुस को हराकर अर्जुन की बराबरी कर ली और टूर्नामेंट को प्लेऑफ तक पहुंचा दिया।

गौरतलब है कि टूर्नामेंट के पहले राउंड में अर्जुन एरिगैसी ने कार्लसन के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ कराया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0