अडाणी एग्री फ्रेश लिमिटेड हिमाचल प्रदेश से खरीदेगी चेरी

09 May 2026 22:06:53
कंपनी के  लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली/शिमला, 09 मई (हि.स)। अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी अडाणी एग्री फ्रेश लिमिटेड (एएएफएल) ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश से गुठलीदार फलों, विशेष रूप से चेरी की खरीद शुरू करने का ऐलान किया। कंपनी ने कहा कि वह जल्द ही इसकी शुरुआत करेगी।

कंपनी के प्रवक्ता ने जारी एक बयान में कहा, हम आगामी सत्र से चेरी की खरीददारी की शुरुआत करेंगे और धीरे-धीरे आड़ू एवं आलूबुखारा जैसे अन्य गुठलीदार फलों तक इसका विस्तार करेंगे। प्रवक्ता ने बताया कि यह हमारे सेब खरीद के अनुभव को आगे बढ़ाने और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि कंपनी के इस पहल से फलों के भंडारण की अवधि बढ़ाने, किसानों को बड़े बाजारों तक पहुंच दिलाने और उनकी उपज का बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। प्रवक्ता ने कहा, “एएएफएल हिमाचल प्रदेश में सेब की खरीददारी, भंडारण और विपणन से जुड़ी शुरुआती संगठित कंपनियों में शामिल रही है।

अडाणी एग्री फ्रेश लिमिटेड के मुताबिक कंपनी ने वर्ष 2006 में ‘फार्म-पिक’ ब्रांड के तहत परिचालन शुरू किया था। तब से अब तक उसने 17,000 से अधिक किसानों से तीन लाख टन से अधिक सेब की खरीद की है और किसानों को सीधे लगभग 1,500 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।”

कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी ने हिमाचल प्रदेश में कुल 25,000 टन भंडारण क्षमता विकसित की है, जिससे फलों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने और किसानों को बड़े बाजारों तक पहुंच दिलाने में मदद मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0