भाजपा के पदाधिकारियों की बड़ी बैठक, संगठन के व्यापक विस्तार पर मंथन

01 Jun 2026 21:02:53
भाजपा सांसद एवं प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा


नई दिल्ली, 01 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठनात्मक बदलावों और आगामी चुनावों की तैयारियों पर मंथन के लिए सोमवार को पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों की मैराथन बैठक चल रही है। भाजपा के विस्तार कार्यालय में करीब ढाई बजे शुरू हुई बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कर रहे हैं।

बैठक में सभी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महामंत्री संगठन बीएल संतोष, महामंत्री विनोद तावड़े, राधा मोहन अग्रवाल, तरुण चुग, सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष मौजूद हैं।

इस बैठक के मुख्य बिंदु केंद्र में सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों की रूपरेखा तैयार करना, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और विभिन्न राज्यों में पार्टी की गतिविधियों का आकलन और आगामी चुनावों की तैयारियों एवं संगठनात्मक बदलावों पर विस्तृत मंथन करना है।बैठक से बाहर आते हुए भाजपा प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने मीडिया को बताया कि पार्टी पदाधिकारियों की बैठक पार्टी के विस्तार कार्यालय में आयोजित की जा रही है। बैठक की अध्यक्षता नितिन नवीन कर रहे हैं।

बैठक में केंद्र सरकार 12 वर्ष पूरे होने और उल्लेखनीय कार्यों को जनता तक ले जाने पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। इस दौरान सरकार के साथ-साथ पार्टी संगठन का भी व्यापक विस्तार हुआ है।

उन्होंने बताया कि बैठक में सरकार की उपलब्धियों, संगठन के विस्तार और पार्टी की आगामी रणनीतियों सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जा रही है। परंपरा के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष जून में अपनी नई टीम की घोषणा करने वाले हैं, इसलिए वर्तमान स्वरूप में कई पदाधिकारियों की यह आखिरी बैठक हो सकती है। इससे पहले पार्टी मई में ही चार प्रदेश अध्यक्षों के नामों की घोषणा कर चुकी है और जल्द ही पूरी नई टीम का एलान होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0