जीएसटी राजस्व संग्रह मई में 3.2 फीसदी बढ़कर 1.94 लाख करोड़ रुपये के पार

युगवार्ता    01-Jun-2026
Total Views |
जीएसटी राजस्व संग्रह के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 01 जून (हि.स)। देश के वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मई महीने में जीएसटी राजस्व संग्रह 3.2 फीसदी बढ़कर 1.94 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा। पिछले साल मई में सकल जीएसटी राजस्व संग्रह 1.88 लाख करोड़ रुपये रहा था।

जीएसटी महानिदेशालय ने सोमवार को आंकड़ों में बताया कि जीएसटी राजस्व संग्रह में यह वृद्धि वस्तुओं एवं सेवाओं की आपूर्ति में सुधार तथा आयात मिलने वाले कर संग्रह में लगातार बढ़ोतरी के कारण हुई है। आंकड़ों के अनुसार मई के दौरान घरेलू लेन-देन से केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी) संग्रह 37,397 करोड़ रुपये, राज्य जीएसटी (एसजीएसटी) 45,143 करोड़ रुपये और एकीकृत जीएसटी (आईजीएसटी) 51,990 करोड़ रुपये रहा।

आंकड़ों के मुताबिक इस अवधि में कर योग्य वस्तुओं की आपूर्ति में 26.9 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई, जो घरेलू मांग को दर्शाती है। सेवाओं के क्षेत्र में यह वृद्धि 22.2 फीसदी रही है, जो घरेलू खपत की मजबूती को दिखाती है। इसी तरह आयात से आईजीएसटी संग्रह 19.1 फीसदी बढ़कर मई में 59,654 करोड़ रुपये हो गया, जो औद्योगिक क्षमता के विस्तार का संकेत है।

इसके अलावा इस अवधि में जीएसटी ‘रिफंड’ 2.6 फीसदी बढ़कर 27,281 करोड़ रुपये हो गया। ‘रिफंड’ समायोजित करने के बाद मई में शुद्ध जीएसटी राजस्व संग्रह 3.3 फीसदी बढ़कर लगभग 1.67 लाख करोड़ रुपये रहा। इससे पहले अप्रैल महीने में जीएसटी राजस्व संग्रह 8.7 फीसदी बढ़कर 2.43 लाख करोड़ रुपये के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags