आईसीसी के बड़े फैसले : महिला क्रिकेट को बढ़ावा, टेस्ट में गुलाबी गेंद का ट्रायल

युगवार्ता    01-Jun-2026
Total Views |

अहमदाबाद, 01 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की बोर्ड बैठक अहमदाबाद में संपन्न हुई, जिसमें क्रिकेट के वैश्विक विकास, महिला क्रिकेट के विस्तार, खेल नियमों में सुधार और फ्रेंचाइजी क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव पर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में खेल को अधिक प्रतिस्पर्धी, पारदर्शी और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

टेस्ट क्रिकेट में गुलाबी गेंद के ट्रायल को हरी झंडी

आईसीसी बोर्ड ने मुख्य कार्यकारी समिति की सिफारिशों को स्वीकार करते हुए टेस्ट मैचों में दोनों टीमों की सहमति से गुलाबी गेंद के प्रयोग का ट्रायल करने का फैसला किया है। इसका उद्देश्य खराब रोशनी के कारण खेल रुकने की स्थिति को कम करना है। साथ ही मैच अधिकारियों और स्टेडियमों में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अनुसंधान एवं विकास परियोजनाओं को भी समर्थन दिया जाएगा।

इसके अलावा, अवैध गेंदबाजी एक्शन की जांच में अंपायरों को हॉक-आई डेटा उपलब्ध कराने, टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 15 मिनट का अनिवार्य अंतराल रखने और ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान मुख्य कोच को खिलाड़ियों से चर्चा की अनुमति देने जैसे बदलावों को भी मंजूरी दी गई है।

महिला क्रिकेट को मिलेगा नया मंच

आईसीसी ने महिला क्रिकेट के विस्तार की दिशा में कई बड़े कदम उठाए हैं। महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 को जून-जुलाई के बजाय 14 से 28 फरवरी 2027 के बीच आयोजित किया जाएगा।

इसके साथ ही महिला इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन 10 टीमों के साथ पायलट प्रोजेक्ट के रूप में किया जाएगा, जिसमें पांच पूर्ण सदस्य और पांच एसोसिएट सदस्य देश भाग लेंगे।

महिला टी-20 विश्व कप 2028 के लिए क्वालीफिकेशन प्रणाली को भी मंजूरी दी गई। यह टूर्नामेंट पाकिस्तान की मेजबानी में होगा, जबकि भारत से जुड़े मुकाबले तटस्थ स्थल पर खेले जाएंगे।

एसोसिएट देशों के लिए नया ग्लोबल क्वालीफायर

आईसीसी बोर्ड ने पुरुष टी-20 विश्व कप के लिए एक अलग ग्लोबल क्वालीफायर शुरू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। 16 टीमों वाले इस क्वालीफायर की संरचना और पात्रता नियमों को अंतिम रूप देने की जिम्मेदारी प्रबंधन को सौंपी गई है।

क्रिकेट कनाडा पर बड़ी कार्रवाई

बोर्ड ने प्रशासनिक और संचालन संबंधी गंभीर अनियमितताओं के चलते क्रिकेट कनाडा की सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी है। हालांकि, कनाडाई खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय टीमों को आईसीसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अनुमति जारी रहेगी। आईसीसी की निगरानी में सीमित वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

बांग्लादेश और श्रीलंका के हालात पर नजर

आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के चुनावी मुद्दों और प्रशासनिक हालात की समीक्षा के लिए प्रतिनिधियों को ढाका भेजने का फैसला किया है। वहीं श्रीलंका में भी आईसीसी अधिकारियों ने संबंधित पक्षों से मुलाकात कर स्थिति का आकलन किया है।

फ्रेंचाइजी क्रिकेट पर बढ़ी चिंता

दुनिया भर में तेजी से बढ़ रहे फ्रेंचाइजी क्रिकेट टूर्नामेंटों को लेकर आईसीसी बोर्ड ने चिंता जताई है। बोर्ड ने एक विशेष समिति गठित करने का निर्णय लिया है, जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर और फ्रेंचाइजी लीगों के बीच संतुलन बनाने के उपाय सुझाएगी।

आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा कि अहमदाबाद में हुई चर्चाएं क्रिकेट के सुशासन, महिला क्रिकेट के विकास, उभरते देशों को अवसर देने और खेल को वैश्विक स्तर पर और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगी।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags