नेपाल के सत्तारूढ़ दल के अध्यक्ष रवि लामिछाने आज से भारत दौरे पर, भाजपा मुख्यालय में भव्य स्वागत की तैयारी

युगवार्ता    01-Jun-2026
Total Views |
रवि लामिछाने


काठमांडू, 01 जून (हि.स.)। नेपाल के चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर दो तिहाई के करीब बहुमत के साथ सरकार बनाने वाले राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने 1 से 5 जून तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे।

यह यात्रा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निमंत्रण पर हो रही है। आरएसपी और भाजपा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्तियों के अनुसार, इस दौरे का उद्देश्य दोनों दलों के बीच औपचारिक राजनीतिक संवाद शुरू करना, संगठनात्मक अनुभवों का आदान-प्रदान करना तथा नेपाल-भारत संबंधों को और सुदृढ़ बनाना है।

भारत पहुंचने पर रवि लामिछाने और उनके प्रतिनिधिमंडल का 2 जुन सुबह 11 बजे भाजपा मुख्यालय में भव्य स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत उनकी भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ विशेष बैठक होगी। भाजपा के विदेश विभाग प्रमुख विजय चौथाईवाले के अनुसार नेपाल में सत्तारूढ़ दल आरएसपी और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के बीच यह पहली मुलाकात होगी।

उन्होंने कहा कि नेपाल के साथ हमारा विशेष संबंध होने के कारण इस भ्रमण का भी विशेष महत्व है। चौथाईवाले के मुताबिक इस मुलाकात के दौरान दोनों दलों के बीच पार्टी-टू-पार्टी संबंध, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, संगठन निर्माण और जनसंपर्क अभियानों पर विस्तृत चर्चा होगी।

भारत के विदेश मंत्री डा एस जयशंकर और आरएसपी अध्यक्ष लामिछाने के बीच भाजपा मुख्यालय में ही मुलाकात तय की गई है। नेपाल में सत्ता का नेतृत्व लेने के बाद इन दोनों की यह पहली मुलाकात होगी। आरएसपी अध्यक्ष लामिछाने के सम्मान में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के द्वारा पार्टी मुख्यालय में ही दिवाभोज का आयोजन किया गया है।

इसी तरह भाजपा के विदेश विभाग के तरफ से रवि लामिछाने के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया गया है जिसमें भाजपा के कुछ शीर्ष नेता, भारत सरकार के कुछ मंत्री, सांसद और दिल्ली सरकार के मंत्रियों के सहभागी होने की जानकारी दी गई है।

तीन जून को भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और आरएसपी के अध्यक्ष रवि लामिछाने के बीच मुलाकात का समय रखा गया है। यह मुलाकात कितने बजे और कहां होगी इस बारे में अभी कोई जानकारी आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं की गई है लेकिन नेपाली प्रतिनिधिमंडल के लिए 3 जून का समय खाली रखा गया है ताकि प्रधानमंत्री मोदी के अनुकूल समय में उनकी मुलाकात हो सके।

प्रधानमंत्री मोदी के अलावा कुछ अन्य सरकारी बैठकों का भी आयोजन किया गया है । इन बैठकों में नेपाल-भारत संबंध, क्षेत्रीय सहयोग, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा दोनों देशों के बीच जनस्तरीय संपर्क को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

आरएसपी के अनुसार, नई दिल्ली में उच्चस्तरीय राजनीतिक और कूटनीतिक बैठकों के अलावा रवि लामिछाने भारत में रह रहे नेपाली समुदाय, पार्टी समर्थकों और शुभचिंतकों से भी संवाद करेंगे। भारतीय पक्ष ने भी इस यात्रा को दोनों दलों के बीच रचनात्मक संवाद की शुरुआत बताते हुए स्वागत किया है।

नई दिल्ली में रहे अंतरराष्ट्रीय नेपाली मंच नामक संगठन द्वारा 4 जून को एक नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहे नेपाली नागरिकों के तरफ से चुनाव में शानदार विजय हासिल करने के कारण वहां रवि लामिछाने का नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किए जाने की जानकारी पार्टी के तरफ से दी गई है।

यात्रा के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत रवि लामिछाने अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करेंगे। वहां नेपाली समुदाय और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से उनका नागरिक अभिनंदन भी आयोजित किया जाएगा।

रवि लामिछाने के साथ इस भ्रमण दल में उनकी पत्नी निकिता पौडेल, पार्टी के संसदीय दल के उपनेता विपिन आचार्य और सांसद दीपक बोहरा सहित लामिछाने के निजी सचिव प्रदीप आचार्य शामिल रहेंगे। नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास इस उच्चस्तरीय यात्रा का समन्वय कर रहा है।

आरएसपी और भाजपा, दोनों ने अपने-अपने वक्तव्यों में विश्वास व्यक्त किया है कि यह यात्रा नेपाल और भारत के राजनीतिक दलों के बीच संवाद का नया अध्याय खोलेगी तथा दोनों देशों के लोकतांत्रिक और जन-केंद्रित सहयोग को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags