
नई दिल्ली, 01 जून (हि.स.)। भारत की यात्रा पर आये ऑस्ट्रेलिया के उपप्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स ने भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि वह इस समय ऑस्ट्रेलिया में बेहद बड़ा नाम हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत रिश्तों का प्रतीक बन चुका है।
‘मनोबल’ कार्यक्रम में मार्ल्स ने भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी कपिल देव और बिशन सिंह बेदी के प्रति भी सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेरे लिए यह गर्व की बात है कि मैं कपिल देव जैसे महान खिलाड़ी के साथ खड़ा हूं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के संबंध इस समय अपने सर्वोच्च स्तर पर हैं। जीवन के प्रति हमारा साझा दृष्टिकोण क्रिकेट के प्रति हमारे प्रेम में भी दिखाई देता है। मार्ल्स ने कहा कि जब वह बड़े हो रहे थे, तब भारतीय क्रिकेट में बिशन सिंह बेदी जैसे दिग्गज खिलाड़ियों का नाम सबसे अधिक सुनाई देता था।
उन्होंने कहा कि आज विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया में बहुत बड़ा नाम हैं, लेकिन मेरे बचपन में बिशन सिंह बेदी भारतीय क्रिकेट की पहचान थे। उन्होंने भारत और ऑस्ट्रेलिया के सांस्कृतिक तथा खेल संबंधों की सराहना करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की आईपीएल 2026 में खिताबी जीत का भी उल्लेख किया। मार्ल्स ने कहा कि कल रात रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार जीत दर्ज की। विराट कोहली 75 रन बनाकर नाबाद रहे और मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने, लेकिन उनके साथ ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों जोश हेज़लवुड और टिम डेविड ने भी अहम भूमिका निभाई। यह भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्तों की बेहतरीन मिसाल है।
गौरतलब है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में विराट कोहली की नाबाद 75 रन की पारी टीम की जीत की आधारशिला बनी। पूरे टूर्नामेंट में जोश हेज़लवुड ने 13 मैचों में 15 विकेट लिए, जबकि टिम डेविड ने 305 रन बनाकर टीम के लिए कई महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। दोनों ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने बेंगलुरु की लगातार दूसरी आईपीएल ट्रॉफी जीतने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे