मिशन ओलंपिक सेल ने टॉप्स के डेवलपमेंट ग्रुप में शामिल किए 22 भारतीय रोअर

01 Jun 2026 19:13:53
टॉप्स योजना (प्रतीकात्मक चित्र)


नई दिल्ली, 01 जून (हि.स.)। मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) ने अपनी 174वीं बैठक में एशियाई खेल 2026 और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए 22 भारतीय रोअरों (नाविकों) को टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) के डेवलपमेंट ग्रुप में शामिल किया है। यह सूची राष्ट्रीय चयन ट्रायल और भारतीय रोइंग महासंघ द्वारा नावों के अंतिम चयन के बाद तैयार की गई है।

इन 22 खिलाड़ियों को छह अलग-अलग नाव वर्गों में शामिल किया गया है। अब ये खिलाड़ी एशियाई खेल 2026, विश्व कप श्रृंखला और अन्य प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी करेंगे। टॉप्स डेवलपमेंट ग्रुप में शामिल प्रमुख खिलाड़ियों में पेरिस ओलंपिक 2024 में भाग लेने वाले बलराज पंवार, एशियाई खेल 2022 के रजत पदक विजेता अरविंद सिंह और एशियाई खेल 2022 के दोहरे पदक विजेता जसविंदर सिंह शामिल हैं।

इन खिलाड़ियों को पुरुष सिंगल स्कल्स, पुरुष डबल स्कल्स, पुरुष क्वाड्रपल स्कल्स, लाइटवेट पुरुष डबल स्कल्स, पुरुष कॉक्स्ड एट और महिला कॉक्सलेस फोर्स जैसी विभिन्न नाव श्रेणियों में रखा गया है।

खेल मंत्रालय का मानना है कि यह कदम केवल संभावित पदक विजेताओं पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय रोइंग में मजबूत खिलाड़ी आधार तैयार करने की दिशा में अहम साबित होगा। अधिकांश खिलाड़ियों की तैयारी एशियाई खेल 2026 को ध्यान में रखकर की जा रही है, जबकि कुछ दलों को भारत में प्रस्तावित राष्ट्रमंडल खेल 2030 जैसे भविष्य के बड़े आयोजनों के लिए भी तैयार किया जा रहा है।

भारत 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों के शताब्दी संस्करण की मेजबानी करने की तैयारी कर रहा है। ऐसे में रोइंग के लिए आधारभूत ढांचे और खिलाड़ियों की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि रोइंग प्रतियोगिता 1986 के एडिनबर्ग राष्ट्रमंडल खेलों के बाद से इस आयोजन का हिस्सा नहीं रही है, लेकिन शताब्दी संस्करण में इसकी वापसी की संभावना जताई जा रही है।

टॉप्स डेवलपमेंट ग्रुप में शामिल रोअर

पुरुष सिंगल स्कल्स:

अरविंद सिंह

पुरुष डबल स्कल्स:

नवदीप सिंह, कुलविंदर सिंह

पुरुष क्वाड्रपल स्कल्स:

बलराज पंवार, सतनाम सिंह, जकर खान, सलमान खान

लाइटवेट पुरुष डबल स्कल्स:

लक्ष्य, उज्ज्वल कुमार सिंह

पुरुष कॉक्स्ड एट:

जसविंदर सिंह, नितिन कुमार, बाबूलाल यादव, योगेश कुमार, घुर्डे विपुल सतीश, सौरव कुमार, इकबाल सिंह, सन्नी कुमार, धनंजय उत्तम पांडे

महिला कॉक्सलेस फोर्स:

गुरबानी कौर, पूनम, टेंडेंटहोई, अलीना एंटो

टॉप्स में शामिल होने के बाद इन खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर, खेल विज्ञान सहायता और प्रतियोगिताओं के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे भारत की रोइंग टीम को आगामी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूत प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0