
आत्महत्या से पूर्व एक वीडियाे में पार्टी एकजुटता और अम्मा का शासन स्थापित हाेने की जताई मंशा
तंजावुर, 01 जून (हि.स.)। तमिलनाडु में आल इंडिया अन्ना द्रमुक मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) में विभाजन और विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार से कथित रूप से आहत एक पार्टी पदाधिकारी ने सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो पर आत्मदाह कर लिया। इस घटना ने राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है।कार्यकर्ता की इच्छा काे देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी ने महेंद्रन के पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।पलानीस्वामी ने कार्यकर्ताओं से ऐसी निराशजनक परिस्थितियाें से बचने की अपील की साथ मृतक के परिजनाें काे पार्टी की ओर से 55 लाख
रुपये की मदद देने की घाेषणा की।
तंजावुर जिले के कुंभकोणम के पास स्थित तिरुप्पनंदल क्षेत्र के निवासी महेंद्रन एआईएडीएमके व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयुक्त सचिव थे। बताया जा रहा है कि पार्टी के अंदर चल रहे विवादों के कारण वे मानसिक तनाव में थे। आत्महत्या से पहले जारी किए एक वीडियो में महेंद्रन ने कहा कि एआईएडीएमके को फिर से एकजुट होकर सत्ता में आना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी में चल रही कुछ घटनाएं उन्हें और कई युवा कार्यकर्ताओं को गहरी पीड़ा दे रही है। उन्होंने अपने वीडियो में कहा कि उनकी माैत के बाद कम से कम पार्टी फिर से एकजुट हो और एडप्पादी पलानीस्वामी के नेतृत्व में अम्मा का शासन स्थापित हो। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से एकजुट होकर काम करने की अपील भी की। वीडियो में महेंद्रन यह भी कहते दिखा कि यदि उनके पार्थिव शरीर पर एडप्पाडी पलानीस्वामी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे तो उनकी आत्मा को शांति मिलेगी। इसके बाद महेंद्रन ने तिरुप्पनंदल-आदुथुरै सड़क पर खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली, जिससे उनकी मौके पर ही माैत हो गई। घटना के बाद उनका शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में रखा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किसी भी परिस्थिति में निराशाजनक कदम न उठाएं कार्यकर्ता: पलानीस्वामी
कार्यकर्ता के आत्मदाह और उसकी इच्छा की जानकारी मिलने पर एआईएडीएमके महासचिव व पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी ने महेंद्रन के पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को आश्वासन दिया कि पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी और चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
इस माैके पर पत्रकारों से बातचीत में पलानीस्वामी ने कहा कि महेंद्रन की एक वर्षीय पुत्री की स्कूल से लेकर उच्च शिक्षा तक की पूरी पढ़ाई का खर्च एआईएडीएमके वहन करेगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि महेंद्रन के परिवार को एआईएडीएमके की ओर से 30 लाख रुपये तथा तंजावुर पूर्व जिला एआईएडीएमके की ओर से 25 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इस प्रकार कुल 55 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे किसी भी परिस्थिति में ऐसा कदम न उठाएं। उन्हाेंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति में आत्महत्या या स्वयं को नुकसान पहुंचाने के विचार आएं, तो तुरंत परिवार, मित्रों, स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं या आपातकालीन सहायता से संपर्क करना करना चाहिए।
इससे पहले अपने शोक संदेश में पलानीस्वामी ने कहा कि महेंद्रन की माैत का समाचार सुनकर उन्हें गहरा दुख और पीड़ा हुई है। उन्होंने कहा कि एआईएडीएमके अनेक चुनौतियों को पार कर आगे बढ़ने वाला एक बड़ा आंदोलन है, इसलिए किसी भी कार्यकर्ता को निराश होकर ऐसा कदम नहीं उठाना चाहिए। उन्होंने महेंद्रन की पत्नी मुनीस्वरी और परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV