जैसलमेर की मेहमाननवाजी से प्रभावित हुईं टिफनी ट्रम्प, विशेष विमान से जामनगर रवाना

01 Jun 2026 16:10:53
किले का भमणा


जैसलमेर, 01 जून (हि.स.)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप और उनके पति माइकल बोलोस सोमवार सुबह जैसलमेर प्रवास पूरा कर विशेष चार्टर विमान से गुजरात के जामनगर के लिए रवाना हो गए। जैसलमेर यात्रा के दौरान दोनों ने राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और लोक परंपराओं का करीब से अनुभव किया।

सोमवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों का काफिला जैसलमेर सिविल एयरपोर्ट पहुंचा। एयरपोर्ट परिसर और बाहरी क्षेत्र में पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों की विशेष तैनाती रही। इसके बाद विशेष चार्टर विमान से वे जामनगर के लिए रवाना हो गए। जैसलमेर प्रवास के दौरान टिफनी ट्रम्प और माइकल बोलोस ने विश्व प्रसिद्ध जैसलमेर फोर्ट का भ्रमण किया। पीले पत्थरों से बने इस ऐतिहासिक किले की भव्य वास्तुकला और समृद्ध इतिहास ने दोनों को खासा प्रभावित किया।

उन्होंने शहर के प्रसिद्ध सूर्यागढ़ जैसलमेर में ठहरकर राजस्थानी मेहमाननवाजी का अनुभव लिया।

होटल में पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत किया गया, जहां लोक कलाकारों ने घूमर नृत्य और लोक संगीत की प्रस्तुति दी। टिफनी ट्रम्प ने इस दौरान अपने मोबाइल फोन से घूमर नृत्य और लोक संगीत के वीडियो रिकॉर्ड किए और बाद में उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम पर साझा किया।

टिफनी ट्रम्प ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी और एक्स अकाउंट पर जैसलमेर यात्रा की कई तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए। इनमें सोनार किले, सूर्यगढ़ होटल, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों और पारंपरिक स्वागत समारोह की झलक देखने को मिली।

उन्होंने अपने पति माइकल बोलोस और भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर के साथ सेल्फी भी साझा की। अपनी पोस्ट में टिफनी ने सर्जियो गोर को अपना दोस्त बताया।

भारत यात्रा के दौरान टिफनी ट्रम्प ने दिल्ली के स्वामीनारायण अक्षरधाम, आगरा के ताजमहल और जैसलमेर के ऐतिहासिक स्थलों का दौरा किया। रविवार रात जैसलमेर में उनके सम्मान में विशेष सांस्कृतिक संध्या और डिनर का आयोजन किया गया, जिसमें थार के लोक कलाकारों ने सूफी संगीत, कालबेलिया नृत्य और पारंपरिक लोकगीत प्रस्तुत किए। टिफनी और माइकल देर रात तक इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीत निगम

Powered By Sangraha 9.0