चंडीगढ़, 01 जून (हि.स.)। पंजाब के लुधियाना में
रविवार की रात एक फैक्टरी में गैस लीक होने से पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई
जबकि दो अन्यों की हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बारे में पुलिस
तथा सिविल प्रशासन को सोमवार की सुबह करीब 10 बजे सूचित किया गया। इसके बाद पुलिस
तथा सिविल प्रशासन के अधिकारी फायर ब्रिगेड व एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंच गए। एफएसएल टीमों की रिपोर्ट के आधार पर गैस रिसाव का कारण पता लगाया जा रहा है।
बताया गया कि लुधियाना
में चाबी-पाने बनाने वाली एक कंपनी में सामान्य की भांति काम चल रहा था। बीती रात
यहां अचानक पाइपलाइन
से गैस का रिसाव
शुरू हो गया। गैस का असर इतना तेज था कि वहां मौजूद मजदूरों को बाहर निकलने तक का
मौका नहीं मिला। दम घुटने और आंखों में तेज जलन के कारण कई मजदूर फैक्ट्री के अंदर
ही जमीन पर गिर पड़े। इस अफरा-तफरी में उद्योग में काम करने वाले मान सिंह और उनके बेटे अमित के अलावा एक अन्य कारीगर श्रीराम की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मान सिंह और अमित मशीन के नीचे निकलने वाली मिट्टी को ट्रॉली में भरने के
लिए गए थे। इसी दौरान वे हादसे की चपेट में आ गए।
एसडीएम जसलीन भुल्लर के
अनुसार तीनाें शवों को पाेस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया गया और दो घायलों का इलाज चल
रहा है। उन्होंने बताया कि एफएसएल टीमों की रिपोर्ट के आधार पर घटना के वास्तविक
कारणों का पता लगेगा। एसडीएम के अनुसार यह
फैक्टरी दीप टूल्स आरके रोड पर स्थित है। फिलहाल कंपनी को सील कर दिया गया
है। अभी यह पता नहीं चला कि गैस कौन सी है। देखने में यह जरूर लग
रहा है कि फैक्टरी के अंदर एक टैंक है। जहां पर कुछ केमिकल या अन्य चीजें स्टोर
की गई हैं। पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड व नगर निगम की टीमें
जांच करेंगे। घटना की सूचना देरी से क्यों दी गई, इसके बारे में भी पता
किया जा रहा है। डीएसपी हरपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना
की सूचना काफी देरी से दी गई है। आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा