(अपडेट) सूरत में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान 4 श्रमिकों की मौत पर एनएचआरसी ने लिया स्वतः संज्ञान

10 Jun 2026 17:55:53

नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने गुजरात के सूरत जिले में एक आभूषण निर्माण इकाई में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान चार श्रमिकों की मौत की घटना पर स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इस प्रकरण को मानवाधिकारों के संभावित उल्लंघन से जुड़ा गंभीर मामला मानते हुए गुजरात के मुख्य सचिव और सूरत पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

एनएचआरसी ने बुधवार को एक बयान में कहा कि मीडिया में प्रकाशित खबरों के मुताबिक 7 जून को चार श्रमिक बिना निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किए सेप्टिक टैंक में सफाई के लिए उतरे थे। इस दौरान जहरीली गैसों की चपेट में आने से उनकी हालत बिगड़ गई। बचाव दल द्वारा उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आयोग ने कहा कि यदि मीडिया रिपोर्ट की बातें सच हैं तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है। इसलिए आयोग ने गुजरात प्रशासन और पुलिस से घटना की परिस्थितियों, जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया तथा जांच की वर्तमान स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी है।

एनएचआरसी ने अपने नोटिस में यह भी कहा कि रिपोर्ट में मृतक श्रमिकों के परिजनों को किसी प्रकार का मुआवजा या अन्य सहायता प्रदान की गई है या नहीं, इसकी जानकारी भी शामिल की जाए।

मीडिया में प्रकाशित खबरों के मुताबिक संबंधित आभूषण निर्माण इकाई में आभूषणों की सफाई प्रक्रिया से निकलने वाले अपशिष्ट को एक सेप्टिक टैंक में एकत्र किया जाता था। इसी टैंक की सफाई के दौरान यह हादसा हुआ।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0