सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर नेतन्याहू ने मोदी को दी बधाई

10 Jun 2026 22:44:53

- भारत और इजराइल साझेदारी को बताया मजबूत

नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है। सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी अपने वीडियो संदेश में नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए भारत और इजराइल के बीच मजबूत होते रणनीतिक संबंधों का उल्लेख किया।

नेतन्याहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, तकनीकी और वैश्विक स्तर पर उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने मोदी को एक दूरदर्शी और परिवर्तनकारी नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व ने भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इजराइली प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में भारत-इज़राइल संबंधों को विशेष महत्व देते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच साझेदारी लगातार मजबूत हुई है और भविष्य में भी यह सहयोग नई दिशा में आगे बढ़ेगा।

नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर सफलता की कामना करते हुए कहा कि भारत और इजराइल के बीच मित्रता तथा रणनीतिक सहयोग आने वाले वर्षों में और मजबूत होगा।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इस अवसर पर दुनिया के कई देशों के नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। इजराइल की ओर से आया यह संदेश दोनों देशों के बीच गहरे होते रिश्तों और आपसी विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0